पंजाब सरकार की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना का लाभ बड़ी संख्या में महिलाएं उठा रही हैं। वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक इस योजना पर पंजाब सरकार की ओर से करीब 298 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। पंजाब सरकार के अनुसार, हर महीने पंजाब की महिलाएं लगभग 1.20 करोड़ मुफ्त बस यात्राएं कर रही हैं।
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि महिलाओं के बीच मुफ्त बस यात्रा योजना लगातार लोकप्रिय हो रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं रोजाना इस सुविधा का इस्तेमाल कर रही हैं। इससे उन्हें अपने जरूरी कामों के लिए आने-जाने में आर्थिक राहत मिल रही है।
रोजगार और शिक्षा के लिए यात्रा में राहत
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है। मुफ्त बस यात्रा की सुविधा भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना से महिलाओं को रोजाना यात्रा पर होने वाले खर्च से राहत मिलती है। इसका फायदा खास तौर पर उन महिलाओं को हो रहा है, जिन्हें नौकरी, पढ़ाई, इलाज या अन्य जरूरी कामों के लिए नियमित रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना पड़ता है।
पंजाब सरकार का मानना है कि यात्रा का खर्च कम होने से महिलाओं के लिए रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। इसके साथ ही वे अपने परिवार और सामाजिक जीवन से जुड़े जरूरी काम भी ज्यादा आसानी से कर पा रही हैं।
सरकारी बसों में मिलती है मुफ्त यात्रा
मंत्री ने बताया कि महिलाओं को यह सुविधा सरकारी बसों में दी जा रही है। इसके चलते उन्हें कम खर्च में सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल रही है। योजना का लाभ मिलने से महिलाओं में आत्मविश्वास भी बढ़ा है। यात्रा का खर्च कम होने के कारण वे रोजगार से जुड़े अवसरों का लाभ लेने और सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए अधिक स्वतंत्रता के साथ घर से बाहर निकल पा रही हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार का जोर
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। मुफ्त बस यात्रा जैसी योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं के रोजमर्रा के खर्च को कम करने के साथ-साथ उन्हें अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। पंजाब सरकार आने वाले समय में भी महिलाओं और आम जनता के हित में ऐसी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम करती रहेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...