जालंधर: पंजाब यूथ कांग्रेस के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नई दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब से मुलाकात की। इस दौरान चुनावी पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के संबंध में चल रहे लोकतांत्रिक अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में जालंधर अर्बन यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अंगद दत्ता, जालंधर रूरल के जिला अध्यक्ष मनप्रीत सिंह चड्ढा, राणा सर्वोत्तम तथा जालंधर यूथ कांग्रेस के महासचिव पलवीर टुट्ट शामिल रहे।
बैठक के दौरान नेताओं ने राजधानी में लोकतांत्रिक अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में प्रतिदिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन और लोकतांत्रिक कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन प्रदर्शनों में चुनावी पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।
अंगद दत्ता ने कहा कि हर नागरिक का वोट लोकतंत्र की नींव है। चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों का स्पष्ट और पारदर्शी जवाब मिलना चाहिए। वहीं मनप्रीत सिंह चड्ढा ने कहा कि यह अभियान आम मतदाता के लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास को मजबूत करने की लड़ाई है। उन्होंने बताया कि पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता 1 अक्टूबर से दिल्ली में मौजूद हैं और उनका संघर्ष जारी रहेगा।
राणा सर्वोत्तम ने कहा कि पंजाब यूथ कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और लंबे समय तक लोकतांत्रिक संघर्ष के लिए तैयार है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि सभी प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किए जाएंगे और चुनावी पारदर्शिता को अभियान के केंद्र में रखा जाएगा।
📍 Location: नई दिल्ली (जालंधर)
मेष: दिन शुभ रहेगा...