Site icon Dainik Savera Times

बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवकों पर क्रेटा कार सवारों ने चलाई गोलियां; एक दोस्त की मौत, दूसरा घायल

लुधियाना: दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे कार सवारों पर घंटाघर के निकट क्रेटा कार सवारों ने पीछे से गोलियां चलाई। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त संजीव घायल हो गया। उसके हाथ में चोट आई है। मृतक की पहचान न्यू अशोक नगर निवासी रमिंदर सिंह के रूप में हुई है। कहा जा रहा है कि चंद मिनट पहले ही जे.एम.डी. मॉल के बाहर रमिंदर सिंह की कार की एक्टिवा सवारों से टक्कर हुई थी। इसके बाद ही यह वारदात हुई।

फिलहाल थाना कोतवाली की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है। उधर, दूसरी तरफ इस मामले में थाना कोतवाली की पुलिस ने किशोर नगर में रेड कर चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक वारदात सोमवार देर रात की है। न्यू अशोक नगर का रहने वाला रमिंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ एक बर्थडे पार्टी में गया था। रात को वह लोग बर्थडे पार्टी से वापस आ रहे थे, तभी जेएमडी मॉल के निकट उनकी कार एक एक्टिवा से टकरा गई।

दोनों पक्षों में कहासुनी हुई लेकिन मामला शांत हो गया। इसके बाद रमिंदर सिंह अपने दोस्त संजीव के साथ घर जाने के लिए कार में निकला। घंटाघर चौक के निकट पीछे से आई क्रेटा कार सवारों ने उनपर गोलियां चलानी शुरू कर दी। एक गोली रमिंदर की गर्दन पर लगी, जबकि रमिंदर का दोस्त घायल हो गया। रमिंदर को ईलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कहा जा रहा है कि एक्टिवा सवारों के साथियों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। मृतक रमिंदर सिंह, शादीशुदा है। उसके दो बच्चे एक आठ साल और दूसरा 2 साल का है। फिलहाल थाना कोतवाली की पुलिस ने मंगलवार शाम थाना डिवीजन नंबर 7 के ईलाके किशोर नगर में रेड कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version