पंजाब डेस्क: मोहाली में दो पत्नियों के साथ रह रहे मशहूर यूट्यूबर अरमान मलिक को पिछले करीब 20 दिनों से लगातार विदेशी नंबरों से धमकी भरी कॉल और मैसेज आ रहे हैं। अरमान ने इस मामले की शिकायत जीरकपुर थाने और मोहाली एसएसपी को लिखित रूप में दी है।
1 करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग
अरमान मलिक ने बताया कि धमकी देने वाले लोग उन्हें वॉयस नोट भेजकर 1 करोड़ रुपए देने के लिए दबाव बना रहे हैं। धमकी देने वालों ने कहा है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो वे चमत्कार दिखा देंगे और एक्शन में आ जाएंगे। यहां तक कि उनके बच्चों और पत्नियों को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी जा रही है।
ये भी पढ़ें: प्रेमी ने होटल में बुलाकर की शादीशुदा प्रेमिका की हत्या, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
किसी करीबी पर भी शक
अरमान का कहना है कि उन्हें शक है कि इस साजिश में उनका कोई करीबी भी शामिल हो सकता है। उनका कारण है कि धमकी देने वाले लोग उनकी दोनों पत्नियों के मोबाइल नंबरों पर भी लगातार कॉल कर रहे हैं।
पहले भी मिली थीं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब यूट्यूबर को इस तरह की धमकियां मिली हों। इससे पहले भी उनसे 30 लाख और 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगी जा चुकी है। पुराने मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज किया था।
ये भी पढ़ें: मान सरकार की पंजाब पुलिस: ‘साइबर जागो’ से ‘सांझ’ तक, बच्चों को बना रहे साइबर सुरक्षा के योद्धा
जीरकपुर एसएचओ सतिंदर सिंह ने पुष्टि की कि अरमान मलिक को पहले भी धमकियां मिली थीं और उस शिकायत पर केस दर्ज है। अब दोबारा धमकी मिलने के बाद पुलिस नए और पुराने दोनों मामलों की जांच कर रही है।
अरमान मलिक ने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों से उनका परिवार डरा हुआ है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई की अपील की है।

