Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

कोई भी बच्चा पोलियो की बूंदों से न रहे वंचित : डीसी

November 21, 2026

कोई भी बच्चा पोलियो की बूंदों से न रहे वंचित : डीसी
 
 
 
Pulse Polio Campaign to Cover 94,739 Children in Moga : मोगा। जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 22 से 24 नवंबर 2026 तक सब-नेशनल पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा।

इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान जिले में पांच वर्ष तक की आयु के कुल 94,739 बच्चों को पोलियो रोधी बूंदें पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के छह स्वास्थ्य ब्लॉकों में विशेष प्रबंध किए गए हैं। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी तालमेल और पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि पांच वर्ष तक की आयु का कोई भी बच्चा पोलियो रोधी बूंदें पीने से वंचित न रहे। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पोलियो बच्चों के भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर बीमारी है और इससे बचाव के लिए पल्स पोलियो अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक स्वास्थ्य सुरक्षा की सुविधा पहुंचाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तत्परता से काम करें और अभियान के दौरान निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करें। उन्होंने बताया कि मोगा सहित पंजाब के 13 चुनिंदा जिलों में सब-नेशनल इम्यूनाइजेशन डे के तहत यह विशेष पल्स पोलियो राउंड चलाया जा रहा है।

जिले के विभिन्न स्वास्थ्य ब्लॉकों में बच्चों की संख्या के अनुसार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए पोलियो बूथों, स्वास्थ्य टीमों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि अभियान के बारे में आम लोगों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए, ताकि अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए आगे आएं। विशेष रूप से यह ध्यान रखा जाए कि कोई भी परिवार जानकारी के अभाव में इस अभियान से न छूटे। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे 22, 23 और 24 नवंबर को अपने पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो रोधी बूंदें अवश्य पिलाएं।

उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहयोग से ही पोलियो मुक्त भविष्य का लक्ष्य मजबूत किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें