Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

रांची में रेप के बाद महिला की हत्या, पलामू की लड़की को भी सासाराम में दुष्कर्म के बाद मार डाला

June 6, 2024

रांची में रेप के बाद महिला की हत्या, पलामू की लड़की को भी सासाराम में दुष्कर्म के बाद मार डाला

रांची। रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में 45 साल की एक महिला की लाश गुरुवार को ओखरगड़ा जंगल से बरामद की गई। महिला के पुत्र ने दुष्कर्म के बाद उनकी हत्या की आशंका जताई है। महिला बुधवार से लापता थी। उसके घर वाले तलाश में जुटे थे, लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा था। गुरुवार को कुछ लोगों ने जंगल में लाश देखी। इसके बाद सूचना पाकर पुलिस पहुंची। शव की शिनाख्त एक दिन पहले से लापता महिला के रूप में की गई है। पुलिस ने उनके पुत्र के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की है।

एक अन्य घटना में, झारखंड के पलामू जिले के रामगढ़ की 13 साल की आदिवासी बालिका से बिहार के सासाराम में रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। उसे ट्रैफिकिंग कर बिहार ले जाया गया था। उसके परिजनों ने पलामू पुलिस के पास इसकी शिकायत दर्ज की। इसके बाद बिहार पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

गुरुवार को सासाराम पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में लड़की की दफनाई गई लाश कब्र से निकाली। बताया गया कि लड़की को कुछ महीने पहले ईंट भट्ठे में काम करने के लिए उसके गांव से सासाराम ले जाया था। उसके पिता की मौत हो चुकी है, जबकि मां ने दूसरी शादी कर ली है। एक स्थानीय ठेकेदार उसे अपने साथ ले गया था और ईंट भट्ठा मालिक को सौंप दिया था। लड़की के रेप और मर्डर के आरोप में ठेकेदार और ईंट भट्ठा मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस बीच पलामू पुलिस की एक टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सासाराम रवाना हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें