Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

पालघर में रामनवमी की शोभा यात्रा पर अंडे फेंके गए, पुलिस ने मामला किया दर्ज

April 7, 2025

पालघर में रामनवमी की शोभा यात्रा पर अंडे फेंके गए, पुलिस ने मामला किया दर्ज

पालघर : महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक इलाके में रामनवमी के अवसर पर आयोजित मोटरबाइक यात्रा के प्रतिभागियों पर अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर अंडे फेंके जाने के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि रविवार को हुई इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

इस सिलसिले में अज्ञात लोगों के खिलाफ उपद्रव और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सकल हिंदू समाज द्वारा रामनवमी के अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा चिखलडोंगरी के सव्रेश्वर मंदिर से शुरू हुई थी।

जब यह घटना हुई तब यह यात्रा विरार (पश्चिम) में ग्लोबल सिटी स्थित पिंपलेश्वर मंदिर की ओर जा रही थी। रामनवमी शोभ यात्रा में लगभग 100 से 150 मोटरसाइकिलें, एक रथ और दो टेम्पो शामिल थे। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब यात्रा पिंपलेश्वर मंदिर के पास पहुंची तब कुछ बाइक सवारों पर पास की एक इमारत से कथित तौर पर अंडे फेंके गए। इस घटना से श्रद्धालुओं में रोष फैल गया और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही बोलिंज पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत किया।

उन्होंने बताया कि बोलिंज पुलिस ने उपद्रव और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है तथा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और सोशल मीडिया पर कोई भी अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचें जिससे तनाव फैलने की आशंका हो।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें