Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Kerala : सबरीमला में पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए तैयार किया ‘पोर्टल’

December 5, 2024

Kerala : सबरीमला में पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए तैयार किया ‘पोर्टल’

पथनमथिट्टा : केरल के सबरीमला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में वार्षिक मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा के दौरान हर दिन हजारों की संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की आसान सुविधा सुनिश्चित करने के मकसद से एक पोर्टल शुरू किया गया है।
पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिला पुलिस प्रमुख वी. जी. विनोद कुमार के निर्देश पर जिला पुलिस की साइबर सेल द्वारा ‘सबरीमला – पुलिस गाइड’ पोर्टल तैयार किया गया है।

पोर्टल तीर्थयात्रियों के लिए बहुत उपयोगी होगा : कुमार
कुमार ने कहा कि यह ‘गाइड’ पोर्टल तीर्थयात्रियों के लिए बहुत उपयोगी होगा और इसे इस तरह से तैयार किया गया है कि इसमें दी गई जानकारी को समय पर अद्यतन किया जा सके।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस ‘गाइड’ अंग्रेजी में है और इसे ‘क्विक रिस्पॉन्स (क्यूआर) कोड’ को ‘स्कैन’ करके देखा जा सकता है। इसमें तीर्थयात्रियों के लिए आवश्य़क सभी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है।

जिले के सभी पुलिस थाने और दर्शन मार्ग के बारे में दी गई है विस्तृत जानकारी
इस पोर्टल में पुलिस हेल्पलाइन नंबर, पुलिस थानों के फोन नंबर, स्वास्थ्य सेवाएं, कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी), एम्बुलेंस, फायर र्सिवस, खाद्य सुरक्षा और देवस्वओम कार्यालय के नंबर भी दिए गए हैं।
पोर्टल पर दक्षिण काशी के नाम से मशहूर सबरीमला की पौराणिक कथा और इतिहास, विभिन्न त्योहारों तथा ‘इरुमुदिकेट्टू’ का विस्तृत विवरण भी दिया गया है। इसके अलावा, इसमें वाहन पार्किंग स्थल, प्रत्येक जिले से सबरीमला के लिए मार्ग (हवाई, रेल और सड़क मार्ग), ठहरने के स्थान, जिले के सभी पुलिस थाने और दर्शन मार्ग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि मंदिर के मार्ग पर स्थित सोपानम, मलिकप्पुरम, अझी और अरावाना काउंटर सहित अन्य स्थानों की जानकारी भी गूगल मानचित्र पर उपलब्ध कराई गई है। वहीं इसमें मौसम के पूर्वानुमान की जानकरी भी उपलब्ध कराएगा।
यहां 16 नवंबर को मलयालम माह वृश्चिकम के पहले दिन से 41 दिवसीय तीर्थयात्र शुरू हो गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें