Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

दक्षिण अफ्रीका की टी20 विश्व कप टीम में दिखेंगे दो नए चेहरे, नोर्किया की हुई वापसी

April 30, 2024

दक्षिण अफ्रीका की टी20 विश्व कप टीम में दिखेंगे दो नए चेहरे, नोर्किया की हुई वापसी

जोहानिसबर्ग: दक्षिण अफ्रीका ने मंगलवार को टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की जिसमें तेज गेंदबाज एनरिच नोर्किया चोट के कारण नौ महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे जबकि दो अनकैप्ड (जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला हो) खिलाड़ियों रेयान रिकल्टन और ओटनील बार्टमैन को भी टीम में जगह मिली। टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान बनाए जाने के बाद ऐडन मार्कराम पहली बार विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की टीम की अगुआई करेंगे।

रिकल्टन एसए20 के दूसरे सत्र में एमआई केपटाउन की ओर से खेलते हुए 58.88 की औसत से 530 रन बनाकर टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर रहे थे। बार्टमैन ने गत चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए आठ मैच में 18 विकेट चटकाए और वह अभी इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। टीम में अनुभवी बल्लेबाजों क्विंटन डिकॉक, रीजा हैंड्रिक्स, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर के अलावा अच्छी फॉर्म में चल रहे प्रतिभाशाली बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स को भी जगह मिली है।

तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई कागिसो रबादा और नोर्किया करेंगे। पीठ में चोट के कारण नोर्किया सितंबर 2023 से दक्षिण अफ्रीका की ओर से नहीं खेले हैं। वह आईपीएल में दिल्ली की टीम का हिस्सा हैं। रबादा और नोर्किया को जून से अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप में मार्को यानसेन और गेराल्ड कोएट्जी का साथ मिलेगा। ब्योर्न फोर्टुइन, केशव महाराज और तबरेज शम्सी की स्पिन तिकड़ी को भी टीम में जगह मिली है।

नांद्रे बर्गर और लुंगी एनगिडी की तेज गेंदबाजी जोड़ी को रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में टीम के साथ जोड़ा गया है। दक्षिण अफ्रीका की सीमित ओवरों की टीम के कोच रॉब वाल्टर ने टी20 विश्व कप से पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैच की टी20 श्रृंखला के लिए अस्थाई टीम की घोषणा भी की। आईपीएल में खेल रहे खिलाड़ियों की उपलब्धता के आधार पर टीम प्रबंधन इस टीम में बदलाव करेगा। अस्थाई टीम 13 से 17 मई तक प्रिटोरिया के सेंटर आॅफ एक्सीलेंस में शिविर में हिस्सा लेगी जिसके बाद अंतिम टीम की घोषणा होगी।

दक्षिण अफ्रीका की टी20 विश्व कप टीम इस प्रकार है:

ऐडन मार्कराम (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, गेराल्ड कोएट्जी,क्विंटन डिकॉक, ब्योर्न फोर्टुइन, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को यानसेन, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, डेविड मिलर, एनरिच नोर्किया, कागिसो रबादा, रेयान रिकल्टन, तबरेज शम्सी और ट्रिस्टन स्टब्स।

रिजर्व: नांद्रे बर्गर और लुंगी एनगिडी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें