Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में जीत से पंड्या 2023 विश्व कप के बाद बन सकते है कप्तान: गावस्कर

March 14, 2023

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में जीत से पंड्या 2023 विश्व कप के बाद बन सकते है कप्तान: गावस्कर

मुंबई : भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि हार्दिक पंड्या को इस साल विश्व कप के बाद एकदिवसीय टीम के नेतृत्व करने का दावा पेश करने के लिए शुक्रवार को यहां पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जीतना होगा। नियमित कप्तान रोहित शर्मा पारिवारिक प्रतिबद्धताओं के कारण वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले पहले एकदिवसीय मैच में नहीं खेल पाएंगे। पंड्या को इस मुकाबले के लिए कार्यवाहक कप्तान नामित किया गया है। इस 29 साल के हरफनमौला ने इंडियन प्रीमियर लीग 2022 सत्र में पहली बार खेल रही गुजरात टाइटन्स की कप्तानी की थी और टीम को चैम्पियन बनाने में अहम योगदान दिया था। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहले से ही भारतीय टीम की अगुवाई कर रहे हैं।

गावस्कर ने कहा, ‘‘मैं टी20 प्रारूप में गुजरात टाइटन्स और फिर भारत के लिए उसकी कप्तानी से बहुत प्रभावित हूं। मेरा मानना है कि अगर वह मुंबई में पहला मैच जीत जाता है, तो 2023 में विश्व कप खत्म होने के बाद आप भारत के कप्तान के लिए उसके नाम पर मुहर लगा सकते हैं।’’ गावस्कर ने कहा कि मध्यक्रम में पंड्या की मौजूदगी भारत के लिए काफी अहम है। उन्होंने कहा, ‘‘वह मध्यक्रम में ‘इंपैक्ट (प्रभाव छोड़ने वाला) और गेम चेंजर (मैच का रूख तय करने वाला)’ खिलाड़ी हो सकता है। यहां तक कि गुजरात टीम के लिए भी वह यह जरूरत के मुताबिक ऊपर के क्रम में बल्लेबाजी के लिए आता था।’’

इस पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज ने कहा, ‘‘वह ऐसा खिलाड़ी है जो जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार है। आगे बढक़र टीम का नेतृत्व करता है। वह दूसरे खिलाड़ियों को कुछ ऐसा करने के लिए नहीं कहेगा जो वह स्वयं करना चाहता है। वह इस टीम के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है।’’ गावस्कर ने कहा कि पंड्या की कप्तानी शैली भी उन्हें दूसरे खिलाड़ियों के बीच पसंदीदा बनाती है। उन्होंने कहा, ‘‘आपने देखा होगा कि कप्तान के रूप में हार्दिक पंड्या दूसरे खिलाड़ियों को सहज रखते हैं। वह खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाकर स्थिति को ठीक से संभालता है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें