Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

India vs Australia: Travis Head का शानदार शतक, टी-ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 234/3

December 15, 2024

India vs Australia: Travis Head का शानदार शतक, टी-ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 234/3

India vs Australia 3rd Test: ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच गाबा में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में ट्रेविस हेड ने एक और शतक लगाकर अपनी टीम को बढ़िया स्थिति में पहुंचा दिया है। ट्रेविस हेड ने एडिलेड में हुए पिंक बॉल टेस्ट मैच में भी 140 रनों की निर्णायक पारी खेली थी। कंगारुओं ने वह मैच 10 विकेट से जीता था।

1-1 से बराबर सीरीज का तीसरा टेस्ट ब्रिस्बेन के गाबा में हो रहा है जहां कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया है। इस टेस्ट के पहले दिन बारिश के चलते 15 ओवर का खेल भी नहीं हो पाया था और मेजबान टीम ने बगैर विकेट खोए 28 रन बनाए थे। दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को उस्मान ख्वाजा के रूप में जल्द ही एक झटका लगा जब जसप्रीत बुमराह ने बाएं हाथ के बल्लेबाज को 21 रनों के निजी स्कोर पर चलता कर दिया।

इसके बाद बुमराह ने नाथन मैकस्वीनी को भी 9 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर महज 38 रनों के योग पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया। इसके बाद नीतीश रेड्डी ने मार्नस लाबुशेन को भी 12 रनों के निजी स्कोर पर आउट करके भारत की तीसरी सफलता दिलाई। अब तक ऑस्ट्रेलिया के तीन विकेट 75 रनों के स्कोर पर गिर चुके थे।

इसके बाद आउट ऑफ फॉर्म बल्लेबाज स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड के बीच शानदार शतकीय साझेदारी देखने को मिली जो अब तेजी से आगे बढ़ रही है। इस साझेदारी में स्टीव स्मिथ को अपना बहुप्रतीक्षित अर्धशतक मिला तो हेड ने फॉर्म का एक बार फिर प्रचंड प्रदर्शन करते हुए शतक लगाया।

चायकाल तक स्टीव स्मिथ 149 गेंदों पर 6 चौके लगाते हुए 65 रन बनाकर खेल रहे थे। वहीं, ट्रेविस हेड ने 118 गेंदों पर 103 रन बना लिए हैं। हेड ने अपनी पारी में 13 चौके लगाए हैं। भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो जसप्रीत बुमराह ने 51 रन देकर 2 विकेट लिए हैं। मोहम्मद सिराज और आकाशदीप को क्रमश: 58 और 43 रन खर्च करके अभी तक विकेट नहीं मिला है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें