Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

AFG vs SA: Afghanistan ने रचा इतिहास, वनडे सीरीज में South Africa को हराकर बनाई अजेय बढ़त

September 21, 2024

AFG vs SA: Afghanistan ने रचा इतिहास, वनडे सीरीज में South Africa को हराकर बनाई अजेय बढ़त

शारजाह: स्पिनर राशिद खान की फिरकी और सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज की शतकीय पारी के दम पर अफगानिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने के साथ एक नया इतिहास रचा।

शुक्रवार 20 सितंबर को अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान का जन्मदिन था। इस खास मौके पर उन्होंने टीम को 177 रनों की बड़ी जीत दिलाई। ये अफगानिस्तान की वनडे में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है, जिसने जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली सर्वश्रेष्ठ 154 रनों की जीत को पीछे छोड़ दिया।

मैच की बात करे तो अफगानिस्तान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज के तेजतर्रार शतक, रहमत शाह (50) और अजमतुल्लाह उमरजई (नाबाद 86) के अर्धशतकों की बदौलत 50 ओवरों में 311/4 का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।

जवाब में इसका पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम 34.2 ओवर में मात्र 134 रन पर सिमट गई। कप्तान तेम्बा बावुमा ने टोनी डी जॉर्जी के साथ 73 रन की मजबूत ओपनिंग पार्टनरशिप की। लेकिन कप्तान के आउट होने के बाद विकेट की झड़ी लग गई। हाल ये रहा कि दक्षिण अफ्रीका ने 61 रन बनाने में अपने सभी 10 विकेट गंवा दिए। राशिद खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 19 रन देकर पांच विकेट झटके। इसी के साथ अफगानिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का आखिरी मैच रविवार (22 सितंबर) को खेला जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें