मुल्लांपुर: अभी तक सबसे छोटे प्रारूप में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वीरवार को शुरू होने वाले दूसरे टी-20 मैच में अपने घरेलू मैदान पर फॉर्म में वापसी करने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। 5 मैचों की इस श्रृंखला के पहले 2 मैचों के बीच केवल एक दिन का अंतराल है और ऐसे में गिल को सीधे मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। भारत ने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 101 रन से करारी शिकस्त दी लेकिन सितंबर में एशिया कप में टी-20 टीम में वापसी करने वाले गिल का औसत प्रदर्शन अभी भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
गिल ने इंगलैंड के खिलाफ टैस्ट श्रृंखला में कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन टी-20 में वह अपनी इस सफलता को नहीं दोहरा पाए हैं। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा शीर्ष क्रम में अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे, फिर भी टीम प्रबंधन ने गिल की टी-20 सलामी बल्लेबाज के रूप में क्षमता पर अधिक भरोसा दिखाया। इसके बाद संजू की टीम में जगह अनिश्चित हो गई। टैस्ट और वन डे कप्तान गिल आसानी से वह भूमिका निभा सकते हैं जो विराट कोहली ने पिछले साल टी20 विश्व कप तक भारत के लिए निभाई थी। गिल निश्चित रूप से पावरप्ले में अभिषेक शर्मा की तरह आक्रामक बल्लेबाजी नहीं कर सकते हैं। चोट से उबरकर राष्ट्रीय टीम में वापसी करते हुए हाíदक पंड्या ने अदद ऑलराऊंडर के रूप में अपनी स्थिति को फिर से साबित कर दिया। कटक में पहले मैच में उनकी 28 गेंदों में खेली गई 59 रन की पारी ने मुश्किल विकेट पर बहुत बड़ा अंतर पैदा किया।
पहले मैच में खेलने वाली टीम से यह भी संकेत मिला कि 2 प्रमुख गेंदबाज अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव एक साथ अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं हो सकते हैं क्योंकि टीम प्रबंधन 8वें नंबर तक अच्छे बल्लेबाज को रखने के पक्ष में है। पहले मैच में अर्शदीप को मौका मिला और इस प्रारूप में भारत की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने वाले इस तेज गेंदबाज ने जसप्रीत बुमराह के साथ गेंदबाजी करते एक बार फिर टीम को शुरुआती विकेट दिलाए। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने भी स्वीकार किया कि उनके बल्लेबाज परिस्थितियों के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए। मैच के दौरान युवराज सिंह और हरमनप्रीत कौर के नाम पर बने स्टैंड का भी अनावरण किया जाएगा।

