खेल डेस्क। एशिया कप 2025 के सुपर 4 में भारत से हार के बाद पाकिस्तान लगातार कोई ना कोई विवाद पैदा कर रहा है। पाकिस्तान की टीम भले ही मैदान पर अच्छा प्रदर्शन न कर पाई हो, लेकिन खिलाड़ियों की हरकतें सोशल मीडिया पर खूब चर्चा का विषय बनी हुई हैं। भारतीय बल्लेबाजों से पिटाई झेलने वाले पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने मैच के दौरान फैन्स की तरफ देखकर कई बार 6-0 का इशारा किया। यही नहीं, उन्होंने हवाई जहाज उड़ाने जैसा जेस्चर भी बनाया। यह इशारा उन्होंने उस झूठे दावे से जोड़कर किया जिसमें पाकिस्तान ने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने छह भारतीय विमान गिराए थे।
साहिबजादा फरहान का गनफायर स्टाइल
पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान ने अर्धशतक पूरा करने के बाद बल्ले को AK-47 की तरह पकड़कर फायरिंग जैसा जश्न मनाया। फैन्स और क्रिकेट विशेषज्ञों ने इसे बेहद अनुचित और अपमानजनक बताया। लोगों का कहना है कि यह जश्न पाकिस्तान टीम की मानसिकता को दर्शाता है और आतंकवाद को बढ़ावा देने जैसा संदेश देता है।

रऊफ की पत्नी का पोस्ट वायरल होने पर मचा बवाल
मैच के बाद हारिस रऊफ की पत्नी मुजना मसूद मलिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रऊफ की तस्वीर शेयर की। तस्वीर में वही विवादित 6-0 वाला इशारा दिखाया गया था। मुजना ने कैप्शन में लिखा –“मैच हार गए, जंग जीत ली।” उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। हालांकि, विवाद बढ़ने पर उन्होंने तुरंत इंस्टाग्राम स्टोरी हटा दी। लेकिन तब तक स्क्रीनशॉट वायरल हो चुके थे।
भारतीय बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 171 रन बनाए। जवाब में भारत की शुरुआत बेहतरीन रही। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की। अभिषेक ने 39 गेंदों पर 74 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे। गिल ने भी टीम को तेज शुरुआत दी।
बाकी बल्लेबाजों का रहा योगदान
कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हुए। संजू सैमसन 13 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या सिर्फ 7 रन बना सके। तिलक वर्मा ने 19 गेंदों पर 30 रन की तेज पारी खेली और नाबाद रहे। भारत ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 174 रन बनाते हुए आसानी से मैच जीत लिया।
अभिषेक शर्मा ने कही ये बात
मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने कहा –“पाकिस्तानी गेंदबाज बार-बार हमें उकसाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हमने सिर्फ अपने खेल पर ध्यान दिया।” उन्होंने सोशल मीडिया पर भी तंज कसते हुए लिखा – “तुम बातें करते रहो, हम जीतते रहेंगे।”
पाकिस्तान टीम की मानसिकता हुई उजागर
भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप में अपना विजयी अभियान जारी रखा। वहीं, पाकिस्तान के खिलाड़ी मैदान से ज्यादा अपनी हरकतों और इशारों के कारण चर्चा में रहे। क्रिकेट फैन्स का कहना है कि यह व्यवहार खेल की मर्यादा के खिलाफ है और पाकिस्तान टीम की मानसिकता को उजागर करता है।