Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

एशिया कप विश्व कप के लिए भारत की तैयारियों का अहम हिस्सा: टिम साउदी

August 22, 2023

एशिया कप विश्व कप के लिए भारत की तैयारियों का अहम हिस्सा: टिम साउदी

मुंबई: विश्वकप शुरू होने में अब जबकि दो महीने से भी कम समय बचा है तब न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी का मानना है कि एशिया कप हर चार साल में होने वाली प्रतियोगिता के लिए भारत की तैयारियों का बड़ा हिस्सा होगा।भारत ने 30 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप के लिए 17 खिलाड़ियों का चयन किया है। उसने केएल राहुल के बैकअप के रूप में संजू सैमसन को भी टीम में रखा है।साउदी ने यहां पत्रकारों से कहा,‘‘ विश्वकप से पहले आप जितना हो सके साथ में मिलकर खेलना चाहते हो। लेकिन मुझे लगता है कि आप एशिया कप पर ध्यान दे रहे हो।

अपनी टीम को एक साथ खेलने का मौका देने के लिए इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। मेरा मानना है कि एशिया कप भारत की तैयारियों का बड़ा हिस्सा होगा।’’ साउदी ने माना कि भारतीय बल्लेबाजों ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों का सामना करने के लिए उचित रणनीति तैयार की होगी लेकिन साथ ही कहा कि उनके हमवतन ट्रेंट बोल्ट और पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं।उन्होंने कहा,‘‘ बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों को टीम में रखना हमेशा फायदे का सौदा होता है। बल्लेबाज अमूमन ऐसे गेंदबाजों का कम सामना करते हैं।

बाएं हाथ के दो तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और ट्रेंट बोल्ट बेहतरीन गेंदबाज हैं और बरसों से कई खिलाड़ियों के लिए सरदर्द बने हुए हैं।’’साउदी ने कहा,‘‘ मुझे नहीं लगता कि यह बड़ा मसला होगा। भारत के पास विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं और उन्होंने प्रत्येक गेंदबाज के लिए ठोस रणनीति तैयार कर रखी होगी।’’ इस 34 वर्षीय तेज गेंदबाज ने कहा कि न्यूजीलैंड को उम्मीद है कि केन विलियमसन विश्वकप तक फिट हो जाएंगे।उन्होंने कहा,‘‘ केन विश्वकप तक फिट होने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास कर रहे हैं। विश्वकप करीब होने तक हम नहीं जानते कि वह उपलब्ध रहेंगे या नहीं। केन के मामले में हमें इंतजार करना होगा।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें