Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Asian Games: भारतीय महिला टीम बेहतर आईसीसी रैंकिंग के आधार पर सेमीफाइनल में

September 21, 2023

Asian Games: भारतीय महिला टीम बेहतर आईसीसी रैंकिंग के आधार पर सेमीफाइनल में

हांगझोउ: शेफाली वर्मा ने मलेशिया के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ते हुए 39 गेंद में 67 रन बनाये लेकिन एशियाई खेलों की महिला क्रिकेट स्पर्धा का क्वार्टर फाइनल बारिश से रद्द हो गया। भारत को बेहतर आईसीसी रैंंकिग के आधार पर सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया। मैच 15 ओवर प्रति टीम कर दिया गया था। भारत ने दो विकेट पर 173 रन बना लिये थे। कप्तान स्मृति मंधाना ने 16 गेंद में 27 और जेमिमा रौड्रिग्ज ने 29 गेंद में 47 रन बनाये। रिचा घोष ने सात गेंद में 21 रन का योगदान दिया।

मलेशिया के लिये सौ रन से आगे बढना भी मुश्किल लक्ष्य था। डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर संशोधित लक्ष्य 177 रन का मिला। मलेशिया ने दो गेंद ही खेली थी कि भारी बारिश के कारण मैच रद्द करना पड़ा। टूर्नामेंट में भारत शीर्ष रैंंकिग वाली एशियाई टीम है जिसके आधार पर उसे सेमीफाइनल में प्रवेश मिला। मलेशिया की कप्तान विनिफ्रेड दुराइंसिघम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था लेकिन उनके क्षेत्ररक्षकों ने निराश किया और कई कैच टपकाये। गेंदबाज भी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर सके।

भारत की सलामी जोड़ी ने पावरप्ले में 59 रन बनाये। स्पिनर माहिरा इज्जाजी इस्माइल ने मंधाना को आउट किया। शेफाली ने दूसरे छोर से आक्रामक खेलना जारी रखा और अपनी पारी में पांच छक्के तथा चार चौके जड़े। जेमिमा ने भी अपनी पारी में छह चौके लगाये और दूसरे विकेट के लिये शेफाली के साथ 86 रन जोड़े। उन्हें मास एलिसा ने पगबाधा आउट किया। रिचा ने 15वें ओवर में चार चौके लगाये जिससे भारत ने 170 के पार का स्कोर बनाया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें