
Glenn Maxwell : ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल दाहिने हाथ की कलाई में फ्रैक्चर होने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से बाहर हो गए हैं। माउंट माउंगानुई में नेट्स सेशन के दौरान गेंदबाजी करते समय मिशेल ओवेन का सीधा शॉट उनके हाथ पर लगने से यह चोट लगी। घटना के बाद मैक्सवेल को स्वदेश भेजा गया है और वे आने वाले दिनों में विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लेंगे।
टीम के मेडिकल स्टाफ को उम्मीद है कि वह जल्द स्वस्थ हो जाएंगे, लेकिन 29 अक्टूबर से भारत के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की घरेलू T20I सीरीज में उनका खेलना फिलहाल संदिग्ध है। यदि रिकवरी योजना के अनुसार हुई तो दिसंबर मध्य में शुरू होने वाली बिग बैश लीग (BBL) में उनकी वापसी संभव है। 2022 से लगातार चोटों से जूझ रहे मैक्सवेल के लिए यह एक और बड़ा झटका है।
Glenn Maxwell was struck on the right wrist while bowling in the nets; Josh Philippe has been called up 🔄
The three T20Is start kick off tomorrow in New Zealand
Read more: https://t.co/30gub6Bpme pic.twitter.com/nzWqQ0Kvk3
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) September 30, 2025
जोश फिलिप की टीम में वापसी
मैक्सवेल की जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश फिलिप को टीम में शामिल किया गया है। फिलिप लगभग दो साल बाद ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम में लौटे हैं। इससे पहले वे टीम में जगह पाने के करीब थे, लेकिन उस समय एलेक्स कैरी को जोश इंग्लिस के स्थान पर मौका दिया गया था। इस बार भी फिलिप को सीधे मैक्सवेल के विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि टीम में अतिरिक्त विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया है, क्योंकि मौजूदा स्क्वॉड में कैरी के अलावा कोई दूसरा कीपर उपलब्ध नहीं था। हाल ही में फिलिप ने भारत ए के खिलाफ लखनऊ में खेले गए अनऑफिशियल टेस्ट मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया, हालांकि बीबीएल में उनका टी20 रिकॉर्ड औसत रहा है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम की चुनौतियां
मैक्सवेल की गैरमौजूदगी से ऑस्ट्रेलिया की टीम का संतुलन प्रभावित हो सकता है। वे पांचवें गेंदबाज के रूप में अहम भूमिका निभाते हैं। अब मैट शॉर्ट और मार्कस स्टोइनिस को अतिरिक्त जिम्मेदारी उठानी होगी। कप्तान मिचेल मार्श फिलहाल गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं और टीम मैनेजमेंट ट्रेविस हेड की ऑफ स्पिन पर भरोसा दिखा सकता है।
टीम पहले से ही कई खिलाड़ियों की अनुपस्थिति से जूझ रही है। नियमित कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण न्यूजीलैंड और भारत दोनों टी20 सीरीज से बाहर हैं। तेज गेंदबाज नाथन एलिस न्यूजीलैंड सीरीज नहीं खेलेंगे क्योंकि उनके घर पहले बच्चे का जन्म होने वाला है। इसके अलावा कैमरून ग्रीन घरेलू शैफील्ड शील्ड टूर्नामेंट और एशेज की तैयारियों में व्यस्त रहेंगे।