West Indies vs Australia: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम इन दिनों वेस्टइंडीज के दौरे पर है, जहां वह तीन मैचों की वनडे और पांच मैचों की टी-20 सीरीज के साथ-साथ दो टेस्ट मैच भी खेलेगी। टेस्ट सीरीज की शुरुआत 25 जून से बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल मैदान पर हो रही है। इस मुकाबले के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग XI का ऐलान कर दिया है, जिसमें दो बड़े बदलाव किए गए हैं। अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को टीम से बाहर कर दिया गया है, वहीं स्टीव स्मिथ चोट के चलते इस मैच में हिस्सा नहीं लेंगे।
सैम कोंस्टास को डेब्यू का मौका, ओपनिंग करेंगे ख्वाजा के साथ
ऑस्ट्रेलिया की ओर से सैम कोंस्टास को डेब्यू करने का मौका मिला है और वे उस्मान ख्वाजा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। तीसरे नंबर पर कैमरून ग्रीन उतरेंगे, जबकि स्मिथ की गैरमौजूदगी में चौथे नंबर पर जोश इंगलिस बल्लेबाजी करेंगे। इसके बाद ट्रैविस हेड और एलेक्स कैरी क्रमशः पांचवें और छठे नंबर पर उतरेंगे।
गेंदबाजी विभाग की बात करें तो कप्तान पैट कमिंस के साथ मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे, जबकि स्पिन विभाग की जिम्मेदारी अनुभवी नाथन लियोन को सौंपी गई है।
पहले टेस्ट के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा, सैम कोंस्टास, कैमरून ग्रीन, जोश इंगलिस, ट्रैविस हेड, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड
वेस्टइंडीज: क्रैग ब्रैथवेट, जॉन कैम्पबेल, कीसी कार्टी, ब्रैंडन किंग, रोस्टन चेज़ (कप्तान), शाई होप (विकेटकीपर), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वार्रिकन, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, जायडन सील्स
पिछली हार से सबक लेकर उतरेगी ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया ने अपना पिछला टेस्ट मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के फाइनल के रूप में लॉर्ड्स के मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था, जिसमें उसे 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की टीमें इस नई टेस्ट सीरीज के जरिए WTC के अगले चक्र की शुरुआत करेंगी।