Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPL: पंजाब के स्पिन आक्रमण के सामने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहेगा बेंगलूर

April 18, 2025

IPL: पंजाब के स्पिन आक्रमण के सामने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहेगा बेंगलूर

बेंगलूर: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर (आरसीबी) को अगर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में अपने घरेलू मैदान पर पहली जीत दर्ज करनी है तो उसके बल्लेबाजों को मैच में युजवेंद्र चहल की अगुवाई वाले पंजाब किंग्स के स्पिन आक्रमण का डटकर सामना करना होगा। आरसीबी के बल्लेबाजों को यहां की धीमी पिच पर गुजरात टाइटंस के आर साई किशोर तथा दिल्ली कैपिटल्स के कुलदीप यादव और विपराज निगम के सामने संघर्ष करना पड़ा था तथा चहल और ग्लेन मैक्सवैल उसकी इस कमजोरी का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। यही नहीं चहल और मैक्सवैल लंबे समय तक आरसीबी की तरफ से खेलते रहे हैं और यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 4 विकेट लेकर फॉर्म में लौटने वाले चहल का सामना करना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता जबकि मैक्सवैल को बल्लेबाजी में खराब प्रदर्शन के बावजूद अंतिम एकादश में जगह मिलना तय है। चहल जादुई गेंदों के बजाय लैंथ के मास्टर हैं। यह लेग स्पिनर ऑफ-स्टंप के बाहर गेंद करके बल्लेबाजों को लंबे शॉट खेलने का लालच देता है जिससे कि वह सीमा रेखा के करीब कैच दे देते हैं। वह अपनी गति में भी काफी चतुराई से बदलाव करते हैं और यदि बल्लेबाजों को उनके खिलाफ छक्के मारने हैं तो उन्हें अतिरिक्त प्रयास करने की जरूरत होती है। मैक्सवैल भी एक ऐसा स्पिनर है, जो बड़े टर्न या डिपर्स के बजाय नियंत्रण पर भरोसा करता है।

आरसीबी के पास क्रुणाल पंड्या और सुयश शर्मा के रूप में अच्छे स्पिनर हैं और टीम उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। पंजाब टीम के पास अर्शदीप सिंह और मार्को यानसेन के रूप में अच्छे तेज गेंदबाज हैं, हालांकि वे आरसीबी के जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जितने अनुभवी नहीं हैं। अगर कप्तानों की बात करें तो रजत पाटीदार और श्रेयस अय्यर में बहुत कम समानता है। इस टूर्नामैंट में एक बल्लेबाज के रूप में शानदार रिकार्ड रखने वाले अय्यर ने आईपीएल विजेता कप्तान के रूप में अपनी साख साबित की है।

दूसरी तरफ पाटीदार आईपीएल में पहली बार कप्तान बने हैं। असमानता यहीं पर खत्म हो जाती है क्योंकि यह दोनों खिलाड़ी शांत रहकर बड़ी कुशलता से अपनी टीमों का नेतृत्व कर रहे हैं। कोलकाता के खिलाफ कम स्कोर वाले मैच में जीत दर्ज करने से पंजाब का हौसला बढ़ा होगा लेकिन उसे आरसीबी से सतर्क रहना होगा जिसकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में काफी गहराई है और उस पर पार पाना किसी भी टीम के लिए आसान काम नहीं होता है।

ये भी पढ़ें: जनता के विरोध प्रदर्शन के आगे झुकी पाकिस्तान सरकार, कम किए पेट्रोल के दाम

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें