Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत के खिलाफ टेस्ट के लिए बांग्लादेश की टीम घोषित, चोटिल शरीफुल बाहर

September 13, 2024

भारत के खिलाफ टेस्ट के लिए बांग्लादेश की टीम घोषित, चोटिल शरीफुल बाहर

तेज गेंदबाज शरीफुल इस्लाम कमर की चोट के कारण 19 सितंबर से चेन्नई में शुरू हो रहे भारत के आगामी टेस्ट दौरे के लिए बांग्लादेश की टीम से बाहर हो गए हैं। शरीफुल की जगह बांग्लादेश ने अनकैप्ड विकेटकीपर-बल्लेबाज जाकेर अली अनिक को अपनी 16 सदस्यीय टेस्ट टीम में शामिल किया है।

23 वर्षीय शरीफुल को रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश के पहले टेस्ट के दौरान कमर में चोट लग गई थी, जिसमें उन्होंने तीन विकेट लिए थे। बांग्लादेश ने इस मुकाबले में दस विकेट से जीत दर्ज की थी। शरीफुल पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे मैच से भी बाहर रहे, जिसे बांग्लादेश ने छह विकेट से जीतकर 2-0 से ऐतिहासिक सीरीज जीत दर्ज की।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने बयान में बताया, “बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शरीफुल इस्लाम अभी भी कमर की चोट से उबर रहे हैं और सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे। पाकिस्तान में बांग्लादेश की टेस्ट सीरीज जीत के हीरो तस्कीन अहमद, हसन महमूद और नाहिद राणा ने खालिद अहमद के साथ तेज गेंदबाजी लाइन-अप में अपनी जगह बरकरार रखी है।

नजमुल हुसैन शांतो की कप्तानी वाली बांग्लादेश टेस्ट टीम एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले पहले टेस्ट से पहले 15 सितंबर को चेन्नई पहुंचेगी. चेन्नई में पहला टेस्ट 23 सितंबर को समाप्त होने के बाद कानपुर 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक दूसरे टेस्ट की मेजबानी करेगा।

दोनों टेस्ट मैच मौजूदा 2023-2025 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा हैं, जहां भारत तालिका में शीर्ष पर है जबकि बांग्लादेश चौथे स्थान पर है। टेस्ट मैचों के बाद ग्वालियर, दिल्ली और हैदराबाद में क्रमशः 6, 9 और 12 अक्टूबर को तीन टी20 मैच खेले जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें