Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर होने के बाद इंग्लैंड को बड़ा झटका: जोस बटलर ने कप्तानी छोड़ने का किया ऐलान, कही ये बात…

March 1, 2025

चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर होने के बाद इंग्लैंड को बड़ा झटका: जोस बटलर ने कप्तानी छोड़ने का किया ऐलान, कही ये बात…

Jos Buttler announced to leave the captaincy: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में इंग्लैंड का सफर अच्छा नहीं रहा है। टीम अपने पहले दोनों मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार को आखिरी मैच से पहले जोस बटलर ने टूर्नामेंट के बाद कप्तानी छोड़ने की घोषणा की है। बटलर को जून 2022 में इयोन मोर्गन के उत्तराधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था और उन्होंने उसी वर्ष ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप जीता था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में 34 वर्षीय बटलर ने कप्तानी छोड़ने के निर्णय की घोषणा की। हालांकि वह शनिवार के मैच में आखिरी बार टीम का नेतृत्व करेंगे।

उन्होंने कहा, मैं इंग्लैंड की कप्तानी छोड़ने जा रहा हूं। यह मेरे और टीम के लिए सही निर्णय है। उम्मीद है कि कोई और टीम को लीड करते हुए वहां ले जाएगा जहां उसे होना चाहिए। बटलर ने कहा, चैंपियंस ट्रॉफी में मिली दो हार के बाद टीम का सफर खत्म हो गया। मैं इस हार से दुखी हूं। मेरी कप्तानी में यह टूर्नामेंट महत्वपूर्ण होने वाला था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। टीम के साथ ब्रेंडन (मैककुलम) के आने के बाद, मैं उनके साथ काम करने और टीम को आगे ले जाने के लिए उत्साहित था, लेकिन चीजें उम्मीद के अनुरूप नहीं हुईं, इसलिए मुझे लगता है कि बदलाव के लिए यह सही समय है।

पिछले दो वर्षों में आईसीसी टूर्नामेंटों में इंग्लैंड का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा, जो बदलाव की जरूरत को रेखांकित करता है। लीग चरण में सातवें स्थान पर रहने के बाद टीम 2023 वनडे विश्व कप से बाहर हो गई। पिछले साल टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में उसे भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा। बटलर ने अपनी ‘निराशा और उदासी’ भी जाहिर की। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह आगे भी खेलना जारी रखेंगे और आनंद लेंगे।

उन्होंने कहा, एक तरह की निराशा और उदासी है, लेकिन मुझे यकीन है कि यह समय के साथ दूर हो जाएगी और मैं अपने क्रिकेट का लुत्फ उठा पाऊंगा। मैं यह भी सोचूंगा कि अपने देश की कप्तानी करना कितना बड़ा सम्मान है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें