Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

Birthday Special: 55 साल की हुईं टेनिस कोर्ट की क्वीन Steffi Graf, फैन की दीवानगी बनी सनसनी

June 13, 2025

Birthday Special: 55 साल की हुईं टेनिस कोर्ट की क्वीन Steffi Graf, फैन की दीवानगी बनी सनसनी

Birthday Special Steffi Graf: नई दिल्ली: जब भी महिला टेनिस के स्वर्णिम दौर की बात होती है, स्टेफी ग्राफ का नाम सबसे ऊपर आता है। 14 जून 1969 को जर्मनी के मैनहेम में जन्मीं स्टेफी ग्राफ ने अपने रैकेट की ताकत से टेनिस इतिहास में वो मुकाम हासिल किया, जो आज भी कई खिलाड़ियों के लिए सपना है। उनके नाम कुल 22 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं, और वे एकमात्र खिलाड़ी हैं जिसने 1988 में गोल्डन स्लैम (सभी चार ग्रैंड स्लैम और ओलंपिक गोल्ड एक ही साल में) जीतकर इतिहास रच दिया।

लेकिन स्टेफी का करियर केवल ट्रॉफियों और जीत तक सीमित नहीं रहा। उनकी लोकप्रियता और फैन फॉलोइंग ने कई बार ऐसा मोड़ लिया, जिसने न सिर्फ खेल जगत को चौंकाया, बल्कि टेनिस कोर्ट को भी एक ड्रामा स्टेज बना दिया।

-एक फैन की दीवानगी बनी सनसनी

साल 1995 के विंबलडन टूर्नामेंट का एक लम्हा आज भी टेनिस प्रेमियों के ज़ेहन में ताजा है। जब स्टेफी ग्राफ सर्व करने की तैयारी में थीं, तभी एक उत्साही फैन ने ऊंची आवाज में पूछा – “स्टेफी, विल यू मैरी मी?”

पूरा स्टेडियम ठहाकों से गूंज उठा, और स्टेफी ने भी इस पल को सहजता से लिया। उन्होंने मुस्कराते हुए जवाब दिया “हाउ मच मनी डू यू हैव?” यह पल दिखाता है कि स्टेफी न सिर्फ कोर्ट पर मजबूत थीं, बल्कि पब्लिक स्पेस में भी उनका सेंस ऑफ ह्यूमर कमाल का था।

-जब दीवानगी ने पार की हदें

लेकिन हर दीवानगी मजाक नहीं होती। 1993 में एक दर्दनाक घटना घटी, जिसने महिला टेनिस के स्वरूप को हिला कर रख दिया। एक सिरफिरे स्टेफी ग्राफ फैन ने उनकी प्रतिद्वंदी मोनिका सेलेस पर चाकू से हमला कर दिया। यह हमला टेनिस इतिहास का काला अध्याय बन गया। मोनिका इस आघात से कभी पूरी तरह उबर नहीं पाईं और उनकी चमकदार करियर रफ्तार थम गई।

-कोर्ट की महारानी, जिसने खुद चुनी विदाई

स्टेफी ग्राफ की ताकतवर फोरहैंड और शानदार मूवमेंट उन्हें कोर्ट पर अविश्वसनीय बनाते थे। 1990 के दशक में वह महिला टेनिस की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी थीं। उन्होंने 1999 में विंबलडन के फाइनल में हारने के बाद, चोटों से परेशान होकर महज 30 साल की उम्र में टेनिस से संन्यास ले लिया।

-निजी जीवन: दो चैंपियन, एक कहानी

खेल से विदाई के दो साल बाद, 2001 में स्टेफी ग्राफ ने अमेरिका के महान टेनिस खिलाड़ी आंद्रे अगासी से शादी कर ली। यह जोड़ी टेनिस के दो सुपरस्टार्स की कहानी को एक साथ लेकर आई। उनके दो बच्चे हैं जेडन गिल अगासी और जैज एली अगासी।

-आज भी हैं प्रेरणा

भले ही स्टेफी ग्राफ अब कोर्ट पर नहीं दिखतीं, लेकिन उनका प्रभाव आज भी टेनिस जगत पर स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। उनकी उपलब्धियां, आत्मविश्वास और गरिमा आज की पीढ़ी की खिलाड़ियों को लगातार प्रेरणा देती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें