Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

ब्रूक बने आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी व गार्डनर सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी

March 13, 2023

ब्रूक बने आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी व गार्डनर सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी

दुबई : इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने सोमवार को भारत के रविंद्र जडेजा और वेस्टइंडीज के गुडाकेश मोती को पछाड़कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का फरवरी महीने का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार जीता जबकि ऑस्ट्रेलिया की एशलेग गार्डनर ने महिला वर्ग में बाजी मारी। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन की बदौलत ब्रूक को दूसरी बार महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वह पाकिस्तान के बाबर आजम सहित सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं जिन्होंने दो बार महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता है।

हाल में आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की खिताबी जीत के दौरान शानदार प्रदर्शन की बदौलत गार्डनर को दूसरी बार इस पुरस्कार के लिए चुना गया। इससे पहले पिछले साल दिसंबर में भी उन्हें महीने की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। आईसीसी ने विज्ञप्ति में कहा कि फरवरी माह के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार के नतीजे दिसंबर 2022 के समान है और तब भी ब्रूक और गार्डनर ने पहली बार ये पुरस्कार अपने नाम किए थे।

गार्डनर को दक्षिण अफ्रीका में महिला टी20 विश्व कप के दौरान खिताब की रक्षा के सफल अभियान के दौरान शानदार प्रदर्शन के लिए पुरस्कार मिला। उन्होंने टूर्नामेंट में नियमित विकेट चटकाने के अलावा महत्वपूर्ण रन भी बनाए और दुनिया की नंबर एक टी20 ऑलराउंडर के रूप में अपना रुतबा बढ़ाया। गार्डनर को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया। ब्रूक को भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों में अच्छे प्रदर्शन के बाद दूसरी बार इस पुरस्कार के लिए चुना गया। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में इंग्लैंड की ओर से शानदार प्रदर्शन किया।

मीडिया प्रतिनिधियों, हॉल ऑफ फेम में शामिल खिलाड़ियों, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और ‘आईसीसी-क्रिकेट.कॉम’ पर पंजीकृत प्रशंसकों के बीच वैश्विक मतदान के बाद गार्डनर और ब्रूक को विजेता घोषित किया गया। गार्डनर ने कहा, ‘‘टी20 विश्व कप एक शानदार टूर्नामेंट था और न्यूलैंड्स में खचाखच भरे स्टेडियम में फाइनल में मेजबान दक्षिण अफ्रीका से खेलना एक अविश्वसनीय अनुभव था। हमारी ऑस्ट्रेलियाई टीम भाग्यशाली है कि उसमें कई विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं। मुझे खुशी है कि मैं विश्व कप के दौरान अपनी टीम की सफलता में योगदान देने में सक्षम रही।’’ पुरस्कार के लिए चुने जाने के बाद ब्रूक ने कहा, ‘‘साल की शुरुआत काफी अच्छी रही है और मुझे उम्मीद है कि हम एशेज और भारत में 50 ओवरों का विश्व कप जीत पाएंगे और मैं दोनों टीम का हिस्सा रहूंगा।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें