Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

FIFA वर्ल्ड कप के बीच बड़ी खबर, इस टीम के कप्तान पर लगा रेप का आरोप

June 29, 2026

FIFA वर्ल्ड कप के बीच बड़ी खबर, इस टीम के कप्तान पर लगा रेप का आरोप

Ryan Mendes News: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रही केप वर्डे फुटबॉल टीम को अर्जेंटीना के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान रयान मेंडेस पर रेप का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले की जांच न्यूजीलैंड पुलिस कर रही है। हालांकि, अभी तक उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज या आरोप तय नहीं किए गए हैं।

ब्राजील की मीडिया संस्था ग्लोबो की रिपोर्ट के अनुसार यह कथित घटना मार्च 2026 की है, जब केप वर्डे की टीम फीफा सीरीज खेलने न्यूजीलैंड गई थी। आरोप लगाने वाली महिला ब्राजील की नागरिक है और उस दौरे पर टीम के साथ ट्रांसलेटर के रूप में काम कर रही थी।महिला का आरोप है कि ऑकलैंड के एक होटल में रयान मेंडेस जबरन उसके कमरे में घुस आए और उसके साथ शारीरिक तथा यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद उसने तुरंत स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और मेडिकल जांच भी करवाई।

महिला के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले

रिपोर्ट के मुताबिक मेडिकल जांच में महिला के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले। इनमें योनि के अलावा गर्दन, होंठ और स्तनों पर भी चोटें होने की बात कही गई है। महिला ने कथित तौर पर इन चोटों की तस्वीरें पुलिस को सौंपीं और बाद में मीडिया के साथ भी साझा कीं।रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि महिला ने घटना की जानकारी केप वर्डे फुटबॉल टीम के तीन अधिकारियों को भी दी थी, लेकिन उसे उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

फीफा ने क्या कहा?

मामले के सामने आने के बाद फीफा ने कहा कि वह किसी भी तरह के दुराचार के आरोप को बेहद गंभीरता से लेता है। संगठन ने बताया कि वह न्यूजीलैंड के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है। चूंकि जांच अभी जारी है, इसलिए इस समय मामले पर इससे अधिक टिप्पणी नहीं की जाएगी। वहीं, केप वर्डे फुटबॉल महासंघ ने अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। मीडिया की ओर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन टीम प्रबंधन की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

अर्जेंटीना से होगा अगला मुकाबला

केप वर्डे ने इस वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन और उरुग्वे जैसी मजबूत टीमों वाले ग्रुप से अपराजित रहते हुए पहली बार नॉकआउट चरण में जगह बनाई है। अब टीम का सामना 4 जुलाई को भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना से होगा। हालांकि, कप्तान पर लगे गंभीर आरोपों और चल रही पुलिस जांच ने टीम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल यह साफ नहीं है कि जांच के दौरान रयान मेंडेस टीम के साथ बने रहेंगे या नहीं। अभी तक फीफा या केप वर्डे फुटबॉल महासंघ की ओर से उनके खिलाफ किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई की घोषणा नहीं की गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें