Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत से हारने के बाद कप्तान मिचेल सैंटनर का छलका दर्द, कही ये बड़ी बात…

March 11, 2025

चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत से हारने के बाद कप्तान मिचेल सैंटनर का छलका दर्द, कही ये बड़ी बात…

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर (Captain Mitchell Santner) ने रविवार को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत से हारने के बाद कहा कि वह एक बेहतर टीम से हारे। सैंटनर ने मैच के बाद कहा, यह हमारे लिए एक अच्छा टूर्नामेंट रहा। हमें पूरे सफर में चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन जिस तरह हमने एक समूह के रूप में खुद को विकसित किया, वह काबिल-ए-तारीफ़ है। आज हमें एक बेहतर टीम ने हराया। पूरे टूर्नामेंट में हर किसी ने योगदान दिया और अलग-अलग मौकों पर आगे बढ़कर जिम्मेदारी ली।

उन्होंने कहा, हमने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन पावरप्ले के बाद कुछ विकेट गंवा दिए और फिर उन्होंने हम पर दबाव बना दिया। उनके स्पिनर्स ने जिस तरह गेंदबाजी की, उसका पूरा श्रेय उन्हें जाता है। वे वर्ल्ड-क्लास गेंदबाज हैं। हम अपनी उम्मीद से 20-25 रन कम रह गए। ग्लेन फिलिप्स के बेहतरीन ढंग से कैच लपकने के बारे में पूछे जाने पर सैंटनर ने कहा,वह बार-बार ऐसा करते हैं! जिस तरह रोहित और शुभमन ने शुरुआत की, वह शानदार था। इस पिच पर रोहित का लगभग रन-ए-बॉल खेलना बेहतरीन था। हमें पता था कि खेल तेजी से बदल सकता है, और वही हुआ।

सैंटनर ने प्लेयर ऑफ द सीरीज रचिन रविंद्र पर कहा, हमने देखा है कि वह इन बड़े टूर्नामेंटों में कैसे आगे आकर अच्छा प्रदर्शन करते हैं। गेंद से भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। इतनी कम उम्र में उसका खेल को समझना बेहतरीन है। उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है। आज भी उसने रन-ए-बॉल से ऊपर स्ट्राइक रेट रखा। कप्तान के रूप में अपने पहले आईसीसी टूर्नामेंट पर कप्तान ने कहा,यह अनुभव शानदार रहा। अलग-अलग मौकों पर अलग-अलग खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी ली, जिससे काम और सहज हो गया। हमें कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन हमने उन्हें अच्छी तरह से अपनाया। यह एक बेहतरीन टूर्नामेंट रहा।

रचिन रविंद्र ने कहा, यह निश्चित रूप से एक खट्टा-मीठा एहसास है। फाइनल मैच शानदार था। व्यक्तिगत पुरस्कार बेहतरीन होते हैं, लेकिन टीम के लिए खेलना सबसे ज्यादा मायने रखता है। आप आईसीसी टूर्नामेंट में इतना अच्छा प्रदर्शन कैसे करते हैं? इस बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, शायद हमें अच्छी विकेट्स पर खेलने का मौका मिलता है।

मुझे टूर्नामेंट क्रिकेट खेलना पसंद है क्योंकि इसमें आप एक लक्ष्य के लिए खेलते हैं। अपने प्रदर्शन पर गर्व है और बहुत से लोगों का धन्यवाद करना चाहता हूं। ट्रॉफी के साथ इस सफर को खत्म करना और भी अच्छा होता, लेकिन क्रिकेट एक निर्मम खेल है। हमारी टीम में हर सदस्य की एक अहम भूमिका होती है। यहां कोई अनुभवी या नया खिलाड़ी नहीं होता, हम सभी अपना काम करते हैं और एक टीम की तरह खेलते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें