Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

चोट और विदेशी खिलाड़ियों की कमी से जूझ रहे KKR के सामने Punjab Kings की चुनौती

March 31, 2023

चोट और विदेशी खिलाड़ियों की कमी से जूझ रहे KKR के सामने Punjab Kings की चुनौती

मोहालीः चोट और कुछ विदेशी खिलाड़ियों की अनुपलब्धता से परेशान पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें जब शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग के अपने शुरुआती मुकाबले के लिए शनिवार को यहां मैदान पर उतरेंगी तो उनका लक्ष्य सत्र को जीत के साथ शुरू करने का होगा। आईपीएल में इन दोनों टीमों के पास हमेशा दमदार खिलाड़ी रहे है लेकिन मैदान पर उनका प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा है। पंजाब किंग्स को अब भी अपने पहले खिताब का इंतजार है जबकि केकेआर की टीम गौतम गंभीर की अगुवाई में दो बार चौम्पियन रही है। पिछले सत्र में 10 टीम के मुकाबले में पंजाब छठे और केकेआर सातवें पायदान पर था।

इस सत्र में दोनों टीमों का नेतृत्व नये कप्तान करेंगे। अनुभवी शिखर धवन पंजाब की कमान संभालेंगे, वहीं केकेआर ने चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह घरेलू स्टार नीतीश राणा पर भरोसा जताया है। कागजों पर केकेआर के मुकाबले पंजाब की टीम थोड़ी अधिक मजबूत दिख रही है जिसे घरेलू मैदान का भी फायदा मिलेगा। टीम को हालांकि इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो की कमी खलेगी। बेयरस्टो चोट के कारण पूरे सत्र से बाहर हो गए है।

फ्रेंचाइजी ने बेयरस्टो की जगह बिग बैश लीग में सत्र के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे मैथ्यू शॉर्ट को टीम में शामिल किया है। उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया का यह बल्लेबाज धवन के साथ पारी का आगाज करेगा। लियाम लिविंगस्टोन (चोटिल) और कागिसो रबादा (राष्ट्रीय टीम के साथ) शुरुआती कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे जिससे पंजाब किंग्स की लय प्रभावित हो सकती है। टीम ने हालांकि हरफनमौला सैम कुरेन पर 18 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए है जो गेंद और बल्ले से प्रभावी प्रदर्शन करने के लिए जाने जाते है। टीम के पास जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा का भी विकल्प होगा जो बल्ले से शानदार लय में है और ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते है।

अर्शदीप सिंह के अलावा टीम के पास कोई प्रभावशाली भारतीय तेज गेंदबाज भी नहीं है। ऐसे में कोच ट्रेवर बेलिस को ऋषि धवन और लेग स्पिनर राहुल चहर से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम भी अपने कोच चंद्रकांत पंडित पर काफी निर्भर करेगी जो बेहद कुशल रणनीतिकार हैं और नियमित कप्तान अय्यर की गैरमौजूदगी में राणा पर उनकी योजनाओं को लागू करने का दारोमदार होगा। टीम को शुरुआती मैच में राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और लिटन दास का साथ नहीं मिलेगा ऐसे में केकेआर का प्रदर्शन काफी हद तक आंद्रे रसेल और सुनील नारायण की वेस्टइंडीज की जोड़ी पर निर्भर करेगा।

टीम के पास डेविड वाइसी और वेंकटेश अय्यर के रूप में पास अन्य स्तरीय ऑलराउंडर हैं। शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी अगर टीम के लिए चिंता का विषय है तो केकेआर के पास मजबूत गेंदबाजी इकाई है। उमेश यादव तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे जबकि शारदुल ठाकुर और टिम साउथी उनका साथ देंगे। शाकिब, नारायण और वरुण चक्रवर्ती स्पिन विभाग में जिम्मेदारी संभालेंगे। मैच दोपहर 03:30 बजे से शुरू होगा।

टीमें:

पंजाब किंग्स: शिखर धवन (कप्तान), अर्शदीप सिंह, बलतेज सिंह, राज बावा, राहुल चाहर, सैम कुरेन, ऋषि धवन, नाथन एलिस, हरप्रीत बराड़, हरप्रीत सिंह, वी. कावेरप्पा, मोहित राठी, प्रभसिमरन सिंह, भानुका राजपक्षे, एम शाहरुख खान, जितेश शर्मा, शिवम सिंह, मैथ्यू शॉर्ट, सिकंदर रजा, अथर्व तायडे।

कोलकाता नाइट राइडर्स: नितीश राणा (कप्तान), वैभव अरोड़ा, लॉकी फग्यरूसन, र्हिषत राणा, वेंकटेश अय्यर, एन जगदीसन, कुलवंत खेजरोलिया, लिटन दास, मनदीप सिंह, सुनील नारायण, रहमानुल्लाह गुरबाज, अनुकूल रॉय, आंद्रे रसेल, शाकिब अल हसन, रिंकू सिंह, टिम साउथी, सुयश शर्मा, शादरुल ठाकुर, वरुण चक्रवर्ती, डेविड वाइसी, उमेश यादव।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें