
सोविमा (नागालैंड) : मिजोरम के चिन्मय सुथार ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 400 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया। सुथार ने यह दुर्लभ उपलब्धि यहां नागालैंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप मैच के दूसरे दिन हासिल की।
इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भाऊसाहेब बाबासाहेब निंबालकर थे, जिन्होंने 1948 में महाराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए काठियावाड़ के खिलाफ नाबाद 443 रन बनाए थे।
मिजोरम की टीम से जुड़ने से पहले मुंबई की तरफ से विजय हजारे ट्रॉफी खेल चुके सुथार 400 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 517 गेंद का सामना करके 46 चौके और 7 छक्के लगाए। मिजोरम ने अपनी पहली पारी 9 विकेट 581 रन पर समाप्त घोषित की।