Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुश्किल में फंसे Hardik Pandya, वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान तिरंगे का अपमान करने पर दर्ज हुई शिकायत

March 12, 2026

मुश्किल में फंसे Hardik Pandya, वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान तिरंगे का अपमान करने पर दर्ज हुई शिकायत

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेटर Hardik Pandya के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत बेंगलुरु के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन  में पुणे के वकील वाजेद खान बिडकर ने दी है। शिकायत में कहा गया है कि ICC Men’s T20 World Cup में भारत की जीत के बाद अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए जश्न के दौरान पांड्या ने तिरंगे का उचित सम्मान नहीं किया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, टीम इंडिया की जीत के बाद मैदान में खिलाड़ियों ने जोरदार जश्न मनाया था और उस दौरान कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। एक वायरल वीडियो में हार्दिक पांड्या अपने कंधे पर तिरंगा ओढ़े हुए मैदान में दौड़ते और नाचते हुए नजर आ रहे हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि जश्न के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के साथ सावधानी नहीं बरती।

वकील वाजेद खान का आरोप है कि जश्न के दौरान एक वीडियो में हार्दिक पांड्या मंच पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लेटे हुए दिखाई देते हैं, जबकि उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा मौजूद था। उनका कहना है कि इस तरह का व्यवहार राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के अनुरूप नहीं है और इसे तिरंगे के सम्मान के खिलाफ माना जा सकता है।

शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में The Prevention of Insults to National Honour Act, 1971 का हवाला दिया है। इस कानून के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। कानून के तहत तिरंगे को जमीन पर गिराना, उसे गलत तरीके से पहनना या किसी भी ऐसे तरीके से इस्तेमाल करना जिससे उसकी गरिमा को ठेस पहुंचे, दंडनीय अपराध माना जाता है। वकील ने इसी कानून की धारा 2 के तहत शिकायत दर्ज कराई है।

वाजेद खान ने बताया कि उन्होंने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी थी। शुरुआत में पुलिस ने कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है। इसलिए मामला वहीं दर्ज होना चाहिए। हालांकि खान ने तर्क दिया कि तिरंगा पूरे देश का राष्ट्रीय प्रतीक है और इसके अपमान की शिकायत भारत के किसी भी हिस्से में दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली और उसकी एक प्रति भी उन्हें सौंप दी।

बता दें India ने फाइनल मुकाबले में New Zealand को 96 रन से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। यह भारत का तीसरा टी-20 वर्ल्ड कप खिताब है। इससे पहले भारत ने 2007 और 2024 में भी यह ट्रॉफी जीती थी। साथ ही यह पहली बार हुआ, जब किसी टीम ने अपने ही देश में टी-20 वर्ल्ड कप जीता और लगातार दूसरी बार यह खिताब हासिल किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें