Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

“भारत में 2-0 से सीरीज जीतने की उम्मीद हर बार पूरी नहीं होती”—टेंबा बावुमा

November 29, 2025

“भारत में 2-0 से सीरीज जीतने की उम्मीद हर बार पूरी नहीं होती”—टेंबा बावुमा

टेंबा बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज में उसी के घर 2-0 से हराया। बावुमा के अनुसार ऐसा हर बार नहीं होता, जब भारत में 2-0 से क्लीन स्वीप के बारे में सोचा जाए। साउथ अफ्रीका ने कोलकाता में खेले गए सीरीज के पहले मैच को 30 रन से अपने नाम किया था।

इसके बाद गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट 408 रन के अंतर से जीता। सीरीज जीतने के बाद टेंबा बावुमा ने कहा, “ऐसा हर बार नहीं होता, जब आप भारत आकर 2-0 से सीरीज जीतने की सोचें। मुझे लगता है कि इस टीम के लिए, यह एक और शानदार उपलब्धि है।

मुझे लगता है कि यह जीत शायद उन कुछ सवालों के जवाब देती है जो हमसे एक ग्रुप के तौर पर पूछे गए थे।” उन्होंने कहा, “जब हम मैदान पर होते हैं तो हम क्या करना चाहते हैं, इस बारे में हमारी सोच में एक बड़ा बदलाव आया है। हम परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालना चाहते हैं।

मुझे लगता है कि हमने अपनी तैयारी को वास्तव में बेहतर किया है। खिलाड़ी अपनी भूमिका को समझकर मैदान में उतरते हैं। वे अपना योगदान देना चाहते हैं। हर किसी को यह एहसास है कि वह अपना दिन आने पर टीम के लिए कुछ कर सकता है।

मुथुसामी जैसे खिलाड़ी बेंच से आते हैं, वे भी आकर मैच जिताऊ प्रदर्शन करने के लिए तैयार रहते हैं। इस जीत से हमारा आत्मविश्वास और भी बढ़ेगा। टेंबा बावुमा ने कहा, “बतौर कप्तान कभी-कभी गेंदबाज के हाथों से गेंद छीनना बहुत मुश्किल होता है।

हर कोई गेंदबाजी जारी रखना चाहता है। आप इसे बल्लेबाजी में भी देखते हैं। हर कोई योगदान दे रहा है। हमारे पास ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो बड़ा स्कोर करें, जो 150 या उससे ज्यादा रन बनाए, लेकिन हमारे पास चार या पांच ऐसे खिलाड़ी हैं जो 60 और 70 रन बनाएंगे।

” साइमन हार्मर ने सीरीज के दूसरे मुकाबले में 9 विकेट हासिल किए। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, केशव महाराज ने तीन सफलताएं हासिल कीं। कप्तान ने इन दोनों खिलाड़ियों की तारीफ में कहा, “साइमन के पास साल 2015 में भारत में खेलने का अनुभव है।

एक स्पिनर के तौर पर, एक खिलाड़ी के तौर पर, उनके पास बहुत अनुभव है। वह केशव महाराज का काफी अच्छा साथ देते हैं। जो चीज मुझे पसंद है, वह है दोनों के बीच की प्रतिस्पर्धा।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें