कोलंबो; श्रीलंका के पूर्व कप्तान और ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज जून में बंगलादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे।
एंजेलो मैथ्यूज ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया मंच पर अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि वह सीमित ओवरों की क्रिकेट के लिए जब भी देश को जरुरत होगी वह उपलब्ध रहेंगे। मैथ्यूज को एक साल से अधिक समय से किसी भी सीमित ओवर मैच के लिए श्रीलंका टीम में शामिल नहीं किया गया है। गॉल में होने वाला यह आगामी टेस्ट उनके टेस्ट करियर का 119वां और अंतिम मुकाबला होगा।
मैथ्यूज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा, ‘मेरे प्रिय दोस्तों और परिवार, दिल से धन्यवाद और अनगिनत यादों के साथ, अब समय आ गया है टेस्ट क्रिकेट से विदाई लेने का। श्रीलंका के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। जब भी मैंने नेशनल जर्सी पहनी, उस देशभक्ति की भावना का कोई मुकाबला नहीं है। क्रिकेट ने मुझे सब कुछ दिया और मैं इसके लिए हमेशा आभारी रहूंगा।’

