Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

साउथ इंडियन फिल्म में डेब्यू को तैयार क्रिकेटर David Warner, इस फ्लिम में करेंगे कैमियो

March 5, 2025

साउथ इंडियन फिल्म में डेब्यू को तैयार क्रिकेटर David Warner, इस फ्लिम में करेंगे कैमियो

Cricketer David Warner: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर खेल जगत के बाद अब फिल्म जगत में अभिनय का जादू चलाते नजर आएंगे। वॉर्नर निर्देशक वेंकी कुदुमुला की अपकमिंग एक्शन एंटरटेनर ‘रॉबिनहुड’ के साथ डेब्यू को तैयार हैं। फिल्म में अभिनेता नितिन मुख्य भूमिका में हैं, फिल्म के निर्माता वाई रविशंकर ने यह जानकारी दी।

अभिनेता जीवी प्रकाश की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘किंग्स्टन’ के प्रमोशन इवेंट के दौरान जब एक एंकर ने निर्माता वाई रविशंकर से उनकी फिल्म ‘रॉबिनहुड’ के बारे में अपडेट मांगा, तब उन्होंने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेविड वॉर्नर ने फैंस और फिल्म प्रेमियों की खुशी के लिए फिल्म में कैमियो किया है। निर्माता ने बिना उनकी अनुमति के जानकारी का खुलासा करने के लिए निर्देशक वेंकी कुदुमुला से माफी भी मांगी।

उन्होंने कहा, “हमें ‘रॉबिनहुड’ के साथ डेविड वार्नर को भारतीय सिनेमा में लॉन्च करने की बहुत खुशी है।”

रॉबिनहुड में अभिनेता नितिन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वह संगीत निर्देशक जी वी प्रकाश की अपकमिंग हॉरर फंतासी किंग्स्टन के प्रमोशन इवेंट में अपनी टीम के साथ शामिल हुए। जैसा कि टाइटल से पता चलता है, रॉबिनहुड में नितिन एक चोर की भूमिका में हैं, जो अमीर घरों से चोरी करके गरीबों में उस धन को बांट देता है। फिल्म में अभिनेता के किरदार का नाम हनी सिंह है। फिल्म में नितिन के किरदार पर नजर डालें तो यह एक साहसी व्यक्ति कि कहानी है, जो निडर है और सही गलत के नाम पर किसी से भी भिड़ने को तैयार है।

फिल्म पिछले साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, जिसकी डेट को अब निर्माताओं ने 28 मार्च तक आगे बढ़ा दी है। रॉबिनहुड का निर्देशन वेंकी कुदुमुला ने किया है और इसमें नितिन और श्रीलीला मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीत निर्देशक जीवी प्रकाश कुमार ने संगीत दिया है और साईं श्रीराम ने छायांकन किया है। फिल्म का कला निर्देशन राम कुमार ने किया है और संपादन कोटि ने किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें