Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली रणजी टीम की घोषणा: Ayush Badoni को सौंपी गई कप्तानी, नितीश राणा की वापसी से बढ़ी ताकत

October 10, 2025

दिल्ली रणजी टीम की घोषणा: Ayush Badoni  को सौंपी गई कप्तानी, नितीश राणा की वापसी से बढ़ी ताकत

Ranji Trophy 2025 : घरेलू क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी 2025 की शुरुआत 15 अक्टूबर से होने जा रही है। टूर्नामेंट से पहले दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। इस बार टीम की कमान आयुष बडोनी को सौंपी गई है, जबकि यश धुल को उपकप्तान बनाया गया है। दिल्ली की टीम में सबसे बड़ी खबर नितीश राणा की वापसी को लेकर है, जो कुछ समय उत्तर प्रदेश की टीम से खेलने के बाद अब दोबारा अपने घरेलू राज्य दिल्ली में लौट आए हैं।

डीडीसीए सचिव अशोक शर्मा ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि चयनकर्ताओं ने 24 खिलाड़ियों को स्क्वाड में शामिल किया है ताकि चयन के लिए एक बड़ा पूल उपलब्ध रहे। घरेलू मैचों के दौरान यह संख्या घटाकर 15 कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नितीश राणा जैसे अनुभवी खिलाड़ी की वापसी टीम के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी जल्द रणजी ट्रॉफी में वापसी कर सकते हैं। उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में खेलते नजर आएंगे।

ऋषभ पंत फिलहाल चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं। इंग्लैंड दौरे के दौरान वह घायल हो गए थे, जिसके चलते वह एशिया कप 2025 और ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर हो गए। रणजी में खेलने से उन्हें अपनी फिटनेस साबित करने का मौका मिलेगा, जिससे उनकी भारतीय टीम में वापसी का रास्ता भी साफ हो सकता है।

वहीं, नितीश राणा के पास फर्स्ट क्लास क्रिकेट का अच्छा अनुभव है। उन्होंने अब तक 54 मैचों में 2954 रन बनाए हैं, जिनमें 7 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 78 लिस्ट-ए मैचों में 2281 रन बनाए हैं और तीन शतक जड़े हैं।

दिल्ली की रणजी टीम 2025:
आयुष बडोनी (कप्तान), यश धुल (उपकप्तान), नितीश राणा, अनुज रावत (विकेटकीपर), नवदीप सैनी, सिमरजीत सिंह, अर्पित राणा, हिम्मत सिंह, रितिक शौकीन, मनी ग्रेवाल, शिवम शर्मा, सुमित माथुर, रौनक वाघेला, सिद्धांत शर्मा, ध्रुव कौशिक, प्रणव राजवंशी (विकेटकीपर), आयुष दोसेजा, राहुल डागर, प्रियांश आर्य, वैभव कांडपाल, तेजस्वी (विकेटकीपर), सनत सांगवान, रोहन राणा और आर्यन राणा (फिटनेस मिलने पर)।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें