Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी से संघर्षपूर्ण मैच में हारे घोषाल

May 8, 2023

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी से संघर्षपूर्ण मैच में हारे घोषाल

शिकागो: भारत के चोटी के स्क्वाश खिलाड़ी सौरव घोषाल शुरुआती बढ़त का फायदा उठाने में नाकाम रहे और यहां विश्व चैंपियनशिप के प्री क्वार्टर फाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी डिएगो एलियास से हार गए।चार साल पहले विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले घोषाल रविवार की रात को खेले गए इस मैराथन मुकाबले में 11-9 11-4 6-11 3-11 10-12 से हार गए।

घोषाल ने पहले दोनों गेम जीतकर अच्छी शुरूआत की थी लेकिन इसके बाद उन्होंने अगले दोनों गेम गंवा दिए। पांचवें और निर्णायक गेम में भी वह कुछ महत्वपूर्ण अंक हासिल करने में नाकाम रहे। इस गेम में स्कोर एक समय 10-10 से बराबरी पर था। घोषाल ने यहां पर गलती की जिसका फायदा उठाकर पेरू के खिलाड़ी ने मैच अपने नाम किया।

छत्तीस वर्षीय घोषाल से 10 वर्ष छोटे एलियास ने भारतीय खिलाड़ी की जमकर प्रशंसा की।उन्होंने कहा,‘‘ सौरव ने शुरू में शानदार खेल दिखाया। उसकी रणनीति बहुत अच्छी थी और मैं शुरू में उसका अनुमान नहीं लगा पाया। मुझे खुशी है कि मैं वापसी करने में सफल रहा क्योंकि मैं काफी दबाव में था और मैं जैसा चाहता था वैसी शुरुआत नहीं कर पाया था। ’’

भारत के अन्य खिलाड़ियों में महेश मनगांवकर, रमित टंडन और क्वालीफायर अभय सिंह पहले दौर के मैच में हार गए थे।महिला वर्ग में भाग ले रही एकमात्र भारतीय खिलाड़ी जोशना चिनप्पा को पहले दौर में ही अमेरिका की ओलिविया क्लाइन से हार का सामना करना पड़ा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें