Hardik Arshdeep trade: आईपीएल (IPL) इतिहास के सबसे बड़े खिलाड़ी ट्रेड में से एक के तहत मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व कप्तान हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स (PBKS) की टीम में शामिल होंगे। वहीं, 2025 के फाइनल में पहुंचने वाली पंजाब किंग्स ने भारत के प्रमुख टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह को बदले में मुंबई इंडियंस को सौंप दिया है।
आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, “टाटा आईपीएल 2027 से पहले एक बड़े खिलाड़ी ट्रेड के तहत मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स (PBKS) में शामिल होंगे, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज अर्शदीप सिंह पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस का हिस्सा बनेंगे।”
हार्दिक पांड्या 18 करोड़ रुपये की फीस पर पंजाब किंग्स से जुड़ेंगे, जो उनकी मौजूदा 16.35 करोड़ रुपये की फीस से अधिक है। वहीं, अर्शदीप सिंह अपनी मौजूदा 18 करोड़ रुपये की फीस पर मुंबई इंडियंस में शामिल होंगे।
MI के साथ जीते 4 खिताब
हार्दिक के इस ट्रेड के साथ मुंबई इंडियंस के साथ उनका दूसरा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। इस फ्रेंचाइजी के साथ उन्होंने चार आईपीएल खिताब जीते हैं। हार्दिक पहली बार 2015 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। इसके बाद वह लीग के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडर्स में शामिल हो गए। उन्होंने 2015, 2017, 2019 और 2020 में टीम के खिताबी अभियानों में बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया।
2022 में बदली थी टीम
मुंबई के साथ सात सीजन बिताने के बाद हार्दिक 2022 आईपीएल से पहले गुजरात टाइटंस (GT) में चले गए। वहां कप्तान के रूप में उन्होंने तुरंत अपनी छाप छोड़ी और पहले ही सीजन में टीम को खिताब दिलाया। गुजरात टाइटंस 2023 में भी फाइनल तक पहुंची। इसके बाद हार्दिक 2024 में मुंबई इंडियंस में लौटे और टीम की कप्तानी संभाली।
हार्दिक का IPL करियर
अपने आईपीएल करियर में 162 मैचों में हार्दिक ने 146.28 के स्ट्राइक रेट से 2,955 रन बनाए हैं और 82 विकेट भी हासिल किए हैं। उनके ये आंकड़े एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में उनकी अहमियत दिखाते हैं, जो मैच का रुख बदलने की क्षमता रखता है।
हालांकि, मुंबई इंडियंस के साथ उनका दूसरा कार्यकाल तीन सीजन तक रहा और इस दौरान उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 39 मैचों और 35 पारियों में 21.53 की औसत और 147.82 के स्ट्राइक रेट से केवल 647 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 48 रन रहा। गेंदबाजी में उन्होंने 39 मैचों में 34 से अधिक की औसत से 29 विकेट लिए और एक बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया।
ये भी पढ़ें- Weather Update 11 Nov 2026: 20 राज्यों में बारिश के साथ गिरेगा तापमान, तेज हवाओं से बढ़ेगी ठंड
2025 सीजन में मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ में जगह बनाई थी, लेकिन हार्दिक की कप्तानी में टीम 2024 और 2026 सीजन में क्रमशः नौवें स्थान पर रही।
अर्शदीप का पंजाब की ओर से डेब्यू
वहीं, अर्शदीप सिंह आठ सीजन तक पंजाब किंग्स के साथ रहने के बाद मुंबई इंडियंस में शामिल होंगे। उन्होंने 2019 में पंजाब की ओर से ही आईपीएल में डेब्यू किया था और धीरे-धीरे प्रतियोगिता के प्रमुख बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में अपनी जगह बनाई। 96 आईपीएल मैचों में 111 विकेट के साथ वह पंजाब किंग्स के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी
नई गेंद से शुरुआती विकेट निकालने और डेथ ओवरों में दबाव के बीच शानदार गेंदबाजी करने की अर्शदीप की क्षमता ने उन्हें पंजाब की गेंदबाजी का अहम हिस्सा बनाया है। उन्होंने आईपीएल 2025 में 21 विकेट लिए थे और इसके बाद 2026 सीजन में 14 विकेट हासिल किए।
अर्शदीप की बाएं हाथ की तेज गेंदबाजी और पारी के अलग-अलग चरणों में प्रभावी प्रदर्शन करने की क्षमता मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी आक्रमण को काफी मजबूती देगी।

