Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Hardik Pandya के सामने इतिहास रचने का सुनहरा मौका, दुनिया के चौथे खिलाड़ी बनने से सिर्फ एक कदम दूर

December 11, 2025

Hardik Pandya के सामने इतिहास रचने का सुनहरा मौका, दुनिया के चौथे खिलाड़ी बनने से सिर्फ एक कदम दूर

Hardik Pandya: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। कटक में खेले गए पहले टी20 में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 59 रनों की आतिशी पारी खेली थी और अपनी चोट से दमदार वापसी का ऐलान किया था। इस पारी की बदौलत उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। अब निगाहें उनके अगले बड़े मील के पत्थर पर टिक गई हैं।

हार्दिक पंड्या टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बेहद खास उपलब्धि से बस एक विकेट दूर हैं। वह अब तक इस फॉर्मेट में 99 विकेट हासिल कर चुके हैं और दूसरा मैच खेलते ही 100 विकेट पूरे करने का मौका मिलेगा। ऐसा होते ही हार्दिक पंड्या टी20I में 100 विकेट लेने वाले भारत के सिर्फ तीसरे गेंदबाज बन जाएंगे। उनसे पहले अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। बुमराह ने भी इस सीरीज के पहले मुकाबले में ही अपने 100 विकेट पूरे किए थे।

भारत के शीर्ष टी20I विकेट-टेकर गेंदबाज

अर्शदीप सिंह – 107
जसप्रीत बुमराह – 101
हार्दिक पंड्या – 99
युजवेंद्र चहल – 96
भुवनेश्वर कुमार – 90

दूसरे टी20 मुकाबले में यदि हार्दिक पंड्या एक विकेट भी लेने में सफल रहते हैं, तो वे न सिर्फ भारत की ओर से तीसरे गेंदबाज बनेंगे, बल्कि एक और बड़ी उपलब्धि उनके नाम जुड़ जाएगी। वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 विकेट और 100 छक्के लगाने वाले भारत के पहले ऑलराउंडर बन जाएंगे। पहले मैच में खेली गई उनकी विस्फोटक पारी के दौरान उन्होंने 100 छक्कों का आंकड़ा पार किया था।

दुनिया में अब तक सिर्फ तीन खिलाड़ियों सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे), मोहम्मद नबी (अफगानिस्तान) और वीरनदीप सिंह (मलेशिया) ने टी20I में 100 विकेट और 100 छक्कों का डबल पूरा किया है। हार्दिक यदि मुल्लांपुर में एक विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वे इस एलीट क्लब में शामिल होने वाले दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन जाएंगे।

भारत के लिए 121 मैच खेल चुके हार्दिक ने अभी तक 1919 रन बनाए हैं, जिसमें छह अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने तीन बार चार विकेट झटके हैं, जो उनकी ऑलराउंड क्षमता को और मजबूत करते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें