Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा बनाम मुंबई रणजी क्वार्टर फाइनल कोलकाता शिफ्ट

February 5, 2025

हरियाणा बनाम मुंबई रणजी क्वार्टर फाइनल कोलकाता शिफ्ट

Haryana vs Mumbai Ranji Match : रणजी ट्रॉफ़ी क्वार्टर फाइनल के लिए मुंबई की रवानगी में देरी हो गई है क्योंकि उन्हें बीसीसीआई द्वारा आयोजन स्थल में देर से बदलाव की सूचना दी गई। टीम को बुधवार सुबह 5 फ़रवरी को लाहली पहुंचना था, जहां उन्हें शुक्रवार से हरियाणा से खेलना था। यह मैच अब कोलकाता में शिफ़्ट कर दिया गया है।

मंगलवार शाम को बोर्ड द्वारा सूचित किए जाने के बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) अब टीम के लिए ज़ल्द से ज़ल्द कोलकाता के लिए उड़ान भरने की व्यवस्था करना चाहता है। इस मामले ने मेज़बान हरियाणा को भी आश्चर्यचकित कर दिया है क्योंकि बीसीसीआई ने देर से बदलाव के लिए कोई कारण नहीं बताया है।

मुंबई की तरह हरियाणा के भी बुधवार देर रात कोलकाता पहुंचने की उम्मीद है। जानकारी सामने आई है की लाहली में मौसम पिछले कुछ दिनों से साफ़ है और एसोसिएशन को बंसी लाल स्टेडियम में मैच की मेज़बानी करने का भरोसा था, जिसने इस सीज़न में अपने सभी तीन घरेलू मैचों की मेज़बानी की थी। ये भी बात सामने आई है की इस मामले में हरियाणा क्रिकेट संघ के अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने इस मामले पर कुछ भी कमेंट करने से मना कर दिया।

हरियाणा की तरह, जम्मू-कश्मीर को भी घरेलू मैदान पर खेलने का फ़ायदा नहीं मिलेगा क्योंकि केरल के खिलाफ क्वार्टर फ़ाइनल जम्मू से पुणे के स्टेडियम में शिफ़्ट कर दिया गया है। हालांकि, लाहली के विपरीत, पता चला है कि जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) कड़ी सर्दियों के कारण मैदान की स्थिति को लेकर चिंतित था और उसने बीसीसीआई को इसके बारे में बता दिया था।

जेकेसीए मुंबई या अहमदाबाद में इस मैच की मेज़बानी करने का इच्छुक था, लेकिन ये दोनों जगह उपलब्ध नहीं थे, जिसके बाद मैच को पुणे में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अन्य दो नॉकआउट मैच : विदर्भ बनाम तमिलनाडु और सौराष्ट्र बनाम गुजरात तय नियमानुसार क्रमश: नागपुर (सिविल लाइंस स्टेडियम) और राजकोट (निरंजन शाह स्टेडियम) में खेले जाएंगे, जहां ग्रुप में शीर्ष रहने वाली टीम मेज़बानी करती है।

सात मैचों में छह आउटराइट जीत के कारण विदर्भ के 40 अंक इस सीज़न में ग्रुप चरण में किसी भी टीम द्वारा सबसे अधिक हैं। इस बीच, गुजरात के पास जम्मू-कश्मीर के 35 अंकों के बाद तीसरे सबसे अधिक अंक (32) हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें