Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘मेरा शरीर ताकतवर, रोज 150 छक्के लगाने का अभ्यास’, KKR गेंदबाजों की पिटाई पर बोले मुकुल चौधरी

April 10, 2026

‘मेरा शरीर ताकतवर, रोज 150 छक्के लगाने का अभ्यास’, KKR गेंदबाजों की पिटाई पर बोले मुकुल चौधरी

खेल डेस्क: आईपीएल 2026 में गुरुवार को ईडन गार्डेन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच हुए मुकाबले के बाद क्रिकेट फैंस की जुबान पर सिर्फ एक ही नाम है। वह नाम मुकुल चौधरी का है।

मुकुल ने 27 गेंदों पर नाबाद 54 रनों की पारी खेली

मुकुल चौधरी ने केकेआर के पक्ष में जा चुके मैच को अपनी असाधारण पारी से एलएसजी की झोली में डाल दिया। मुकुल ने 27 गेंदों पर नाबाद 54 रनों की पारी खेली, जिसमें 7 बेहतरीन छक्के शामिल थे। मुकुल के लगाए छक्कों और मैच को फिनिश करने की उनकी क्षमता ने लोगों को पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी की याद दिला दी। एमएस धोनी को ही अपना आदर्श मानने वाले मुकुल चौधरी ने उनका लोकप्रिय हेलीकॉप्टर शॉट भी लगाया।

मैच के बाद अपने छक्के लगाने की क्षमता मुकुल चौधरी ने कहा, “मेरा शरीर थोड़ा ताकतवर है, और यह मुझमें नैचुरली आ गया है। मैं हर दिन 100-150 छक्के मारने का अभ्यास करता हूं, इसलिए अगर आप ऐसा करते रहें तो बैट की गति बढ़ती है। मैं पिछले पांच-छह महीनों से बहुत अभ्यास कर रहा हूं, इसलिए यह मेरे गेम में आ गया है।”

हेलीकॉप्टर शॉट पर क्या बोले 

हेलीकॉप्टर शॉट पर मुकुल ने कहा, “मैंने बचपन से ही उस शॉट का अभ्यास किया है। मुझे हमेशा वह पसंद था, और जिस तरह से धोनी पारी खत्म करते थे। वह यॉर्कर पर भी छक्का मारते थे। अगर आप उस तरह की गेंद पर भी छक्का मारते हैं, तो गेंदबाज कुछ अलग करने के बारे में सोचता है।”

एलएसजी के कोच जस्टिन लैंगर काफी खुश नजर आए

चौधरी की पारी से एलएसजी के कोच जस्टिन लैंगर काफी खुश नजर आए। लैंगर ने कहा, “उन्हें विश्वास है कि चौधरी और भी ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं। वह बहुत युवा है, और उनकी आंखों में वह चमक है। वह भूखा है। जब आप पहली बार आते हैं, तो आप बहुत मेहनत करते हैं, और उसकी जिंदगी और उसके करियर का एक बहुत बड़ा पल साबित होगा।”

लैंगर ने कुछ समय पूर्व कहा था कि वह चौधरी को चार महीने में भारत का सबसे डरावना नंबर 6 या नंबर 7 का बल्लेबाज बना सकते हैं। अनकैप्ड मुकुल को उनके घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन के आधार पर एलएसजी ने आईपीएल 2026 के लिए हुई मीनी नीलामी में 2.6 करोड़ में खरीदा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें