Site icon Dainik Savera Times

ICC का बड़ा फैसला: पाकिस्तान की ट्राई सीरीज की मांग खारिज, भारत-पाक मैच पर एक दिन का अल्टीमेटम

ICC big decision Pakistan's demand a tri-series rejected

ICC big decision Pakistan's demand a tri-series rejected

खेल डेस्क: पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से एक ही दिन में दूसरा बड़ा झटका लगा है। भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर चल रहे विवाद के बीच ICC ने पाकिस्तान और बांग्लादेश की कई मांगों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। ICC ने स्पष्ट कर दिया है कि बांग्लादेश को इस पूरे मामले में किसी भी तरह का नुकसान नहीं होगा। भले ही बांग्लादेश मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुका हो, लेकिन उसे ICC की आय (रेवेन्यू) में उसका पूरा तय हिस्सा मिलेगा।

यह भी पढ़ें: IPL 2026 के बाद क्रिकेट और राजनीति का होगा संगम, विवाह के बंधन में बंधेंगे रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज

बांग्लादेश को मुआवजे के तौर पर टूर्नामेंट मिल सकता है

ICC ने यह भी माना है कि बांग्लादेश को पिछले साल महिला टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी का नुकसान उठाना पड़ा था। देश में दंगों की वजह से यह टूर्नामेंट बांग्लादेश से हटाकर दुबई में कराया गया था। इसी को देखते हुए ICC अब बांग्लादेश को आने वाले चक्र में किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी देने पर विचार कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश को अंडर-19 वर्ल्ड कप जैसे किसी ICC इवेंट की मेजबानी मिल सकती है, ताकि पुराने नुकसान की कुछ भरपाई हो सके।

पाकिस्तान की अहम मांगें ठुकराईं

बैठक के दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश ने यह मांग रखी कि ICC भारत से पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए कहे। लेकिन ICC ने इसे साफ शब्दों में खारिज कर दिया। ICC ने कहा कि द्विपक्षीय सीरीज उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आती। यही वजह है कि वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जैसे टूर्नामेंट के दौरान भी ऐसे मामलों में दखल नहीं देता। इसी आधार पर भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय (ट्राई सीरीज) कराने का प्रस्ताव भी नामंजूर कर दिया गया।

भारत के बांग्लादेश दौरे पर भी ICC ने हाथ खड़े किए

बैठक में यह मुद्दा भी उठा कि भारत को इस साल बांग्लादेश का दौरा करना चाहिए। इस पर ICC ने साफ कहा कि वह किसी देश को किसी दूसरे देश के दौरे के लिए मजबूर नहीं कर सकता। ऐसे फैसले संबंधित क्रिकेट बोर्ड और सरकारें खुद लेती हैं।

यह भी पढ़ें: अमित शाह बोले- पीएम मोदी ने आदिवासी संस्कृति को पहचान दिलाई

पाकिस्तान को ICC का अल्टीमेटम

लाहौर में हुई लंबी बैठक के बाद भी पाकिस्तान ने 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाक मैच पर तुरंत फैसला नहीं लिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा कि वह इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से सलाह लेना चाहते हैं। इसके बाद ICC ने पाकिस्तान को एक दिन का समय दिया है। सूत्रों के अनुसार, भारत-पाक मैच पर अंतिम फैसला कभी भी लिया जा सकता है। ICC की आधिकारिक घोषणा आज शाम या फिर बुधवार सुबह तक आ सकती है।

रेवेन्यू बना ICC की सबसे बड़ी चिंता

ICC की सबसे बड़ी चिंता भारत-पाकिस्तान मैच से होने वाली कमाई को लेकर है। यह मुकाबला विश्व क्रिकेट का सबसे ज़्यादा कमाई करने वाला मैच माना जाता है। अगर यह मैच नहीं होता है, तो इसका असर सिर्फ ICC पर ही नहीं, बल्कि सभी सदस्य क्रिकेट बोर्डों की सालाना आय पर पड़ेगा। इसी वजह से ICC किसी भी हाल में टूर्नामेंट की स्थिरता और वित्तीय संतुलन बनाए रखना चाहता है।

Exit mobile version