Site icon Dainik Savera Times

‘पाकिस्तान में हमारे कमरों के बाहर बंदूक लेकर खड़े रहते थे…’, लिटन दास के बयान से मची खलबली

In Pakistan, security guard Liton Das used to stand outside our rooms with a gun

In Pakistan, security guard Liton Das used to stand outside our rooms with a gun

Liton Das: बांग्लादेश की टी20 टीम के कप्तान लिटन दास ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में टीम के हिस्सा न लेने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी भारत में टूर्नामेंट खेलना चाहते थे, लेकिन अंतिम फैसला खिलाड़ियों के हाथ में नहीं था। उन्होंने कहा कि जहां पाकिस्तान में हमारे कमरों के बाहर बंदूक लेकर सुरक्षाकर्मी खड़े रहते थे। उस माहौल में हम खेल सकते हैं तो भारत में क्यों नहीं?

लिटन दास ने इंटरव्यू में क्या-क्या बताया?

एक इंटरव्यू में लिटन दास ने बताया कि टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों और अधिकारियों की एक बैठक हुई थी। इस बैठक में खिलाड़ियों को बताया गया कि भारत में सुरक्षा को लेकर चिंताएं हैं, इसलिए वहां खेलने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, खिलाड़ियों को यह कारण पूरी तरह समझ नहीं आया।

लिटन दास ने कहा कि बांग्लादेश की टीम पहले भी पाकिस्तान में कई मैच खेल चुकी है। वहां खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए उनके कमरों के बाहर हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात रहते थे। उनके अनुसार, अगर टीम पाकिस्तान जैसे माहौल में खेल सकती है, तो भारत में खेलने में दिक्कत क्यों होनी चाहिए।

 

हमारे कमरों के बाहर बंदूक लेकर सुरक्षाकर्मी खड़े रहते थे

लिटन ने कहा, “हमें बताया गया कि भारत में सुरक्षा की समस्या है। हमने कहा कि हम पाकिस्तान में भी खेल चुके हैं, जहां हमारे कमरों के बाहर बंदूक लेकर सुरक्षाकर्मी खड़े रहते थे। इससे ज्यादा जोखिम भरा माहौल क्या हो सकता है? अगर हम वहां खेल सकते हैं, तो भारत में क्यों नहीं?”

वर्ल्ड कप में न खेलने पर क्या बोले लिटन?

इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि कुछ लोगों का दावा है कि खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप में खेलने की इच्छा नहीं जताई थी, तो लिटन ने सीधे जवाब देने के बजाय इशारों में कहा कि सत्ता में रहने और सत्ता से बाहर होने पर लोगों के बयान बदल जाते हैं। उनके इस बयान को उस समय बांग्लादेश की सरकार और अधिकारियों के रुख पर सवाल उठाने के तौर पर देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में मैच खेलने को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला दिया था। बाद में बांग्लादेश टीम टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बनी और उसकी जगह स्कॉटलैंड को मौका मिला। लिटन दास के इस बयान के बाद क्रिकेट जगत और बांग्लादेशी खेल प्रशंसकों के बीच नई बहस शुरू हो गई है। कई लोग यह जानना चाहते हैं कि टीम के टूर्नामेंट से बाहर रहने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और खिलाड़ियों की राय को कितना महत्व दिया गया था।

Exit mobile version