Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

नए साल में भारतीय क्रिकेट टीम Hardik Pandya की कप्तानी के साथ करेगी नई शुरुआत

January 2, 2023

नए साल में भारतीय क्रिकेट टीम Hardik Pandya की कप्तानी के साथ करेगी नई शुरुआत

मुंबई: भारतीय टीम हार्दिक पांड्या की कप्तानी में श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 में मंगलवार को नए दृष्टिकोण के साथ नए साल की शुरुआत करना चाहेगी। भारतीय क्रिकेट के लिए निराशाजनक रहे 2022 में टी20 विश्व कप की हार ने टीम के खेलने के तरीके पर कई सवाल खड़े किए। भारत को सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट की करारी शिकस्त मिली, जिसके बाद टीम के बल्लेबाजी के नजरिए पर चर्चा शुरू हो गई।

विश्व कप के फौरन बाद न्यूजीलैंड में हुई टी-20 शृंखला में वरिष्ठ खिलाड़ियों को आराम दिया गया, जबकि टीम की कमान पांड्या को सौंप दी गई। सीरीज 1-0 से जीतने के बाद पांड्या ने भविष्य की योजनाओं और नए दृष्टिकोण से खेलने पर जोर दिया। श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज न्यूजीलैंड दौरे के बाद बतौर कप्तान पांड्या का पहला अभियान है। पांड्या इस सीरीज में भी रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में कप्तानी कर रहे हैं, और खेल के सबसे छोटे प्रारूप में टीम की कमान उनके हाथ में जाने की बीसीसीआई ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह सीरीज हालांकि भारतीय टी20 टीम में होने वाले संभावित बदलावों की ओर स्पष्टता दे सकती है।

पांड्या को कप्तानी सौंपने के अलावा इस सीरीज के लिये सूर्यकुमार यादव को उपकप्तान बनाया गया है। सूर्यकुमार 2022 में भारत के लिये सर्वाधिक टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 187.43 के स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाये, जिसके लिये उन्हें पदोन्नति के साथ पुरस्कृत किया गया है। श्रीलंका के खिलाफ यह सीरीज कई युवा खिलाड़ियों के लिए दमखम दिखाने का मौका होगा। टी20 विश्व कप 2024 की ओर बढ़ते हुए भारत इस प्रारूप में नई टीम बनाने पर ध्यान दे रहा है। सूर्यकुमार यादव के पास उप-कप्तान के किरदार में आकर प्रदर्शन करने का अवसर तो होगा ही, साथ ही लंबे समय बाद टी20 टीम में वापस आये ईशान किशन और रुतुराज गायकवाड भी मौका मिलने पर उसे अच्छी तरह भुनाना चाहेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें