Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs AUS : Bumrah और Siraj ने सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, Australia को लंच तक 158 रन की बढ़त

December 29, 2024

IND vs AUS : Bumrah और Siraj ने सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, Australia को लंच तक 158 रन की बढ़त

IND vs AUS : जसप्रीत बुमराह ने सैम कोन्सटास को बोल्ड किया जबकि मोहम्मद सिराज ने उस्मान ख्वाजा को पवेलियन भेजा लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने चौथे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन रविवार को यहां लंच तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 53 रन से अपनी कुल बढ़त 158 रन तक पहुंचाकर भारत के खिलाफ अपना पलड़ा भारी रखा।

भारत ने सुबह के लंबे सत्र में नितीश कुमार रेड्डी (114) के शानदार शतक की बदौलत पहली पारी में 369 रन बनाए लेकिन ऑस्ट्रेलिया को 105 रन की बढ़त हासिल करने में नहीं रोक पाया। रेड्डी आउट होने वाले अंतिम भारतीय बल्लेबाज रहे। उन्होंने ऑफ स्पिनर नाथन लियोन (96 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर डीप में मिचेल स्टार्क को कैच थमाया जिससे भारतीय पारी 119.3 ओवर में समाप्त हो गई। भारतीय टीम ने नौ विकेट पर 358 रन के अपने कल के स्कोर से आगे खेलते हुए 11 रन और जोड़े।

भारतीय गेंदबाज दूसरी पारी में नए जोश के साथ उतरे और आकाश दीप को नई गेंद देने का फैसला विवेकपूर्ण था। आकाश दीप ने दबाव बनाए रखा जबकि बुमराह ने दोनों बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। पहली पारी में शानदार प्रदर्शन करने वाले कोन्सटास (08) ने बेहतरीन पुल खेला लेकिन फिर बुमराह (18 रन पर एक विकेट) की अंदर आती गेंद पर बोल्ड हो गए। विकेट लेने के बाद बुमराह को दर्शकों को टीम का साथ देने के लिए जोश दिलाते हुए देखा गया। बड़ी संख्या में मैदान पर पहुंचे भारतीय दर्शकों ने विराट कोहली के नाम के नारे लगाकर कोन्सटास की हूंटिग की।

ये भी पढ़े : दिल्ली-जयपुर हाईवे पर फिर हुआ हादसा; मिथेन से भरा ऑयल का टैंकर बिच सड़क पर पलटा

पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले मार्नस लाबुशेन (नाबाद 20) और ख्वाजा (21) क्रीज पर सहज नजर नहीं आ रहे थे और पहले बदलाव के रूप में आए सिराज (10 रन पर एक विकेट) ने ख्वाजा को बोल्ड करके भारत को दूसरी सफलता दिलाई। अब तक दौरे पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे सिराज ने छह से आठ मीटर की लेंथ पर पिच हुई 139 से 142 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली लगातार चार गेंद से ख्वाजा को पीछे की ओर धकेला और फिर सीधी गेंद पर उन्हें बोल्ड किया।

ख्वाजा का विकेट हासिल करने के बाद सिराज के चेहरे पर खुशी स्पष्ट थी जिन्हें एडीलेड में ट्रेविस हेड को विदाई देते हुए उकसाने के बाद हूंटिग का सामना करना पड़ा था। सिराज ने चाहे अपने रन-अप का निशान लगाया हो, गेंद के पीछे भागते हुए बाउंड्री तक पहुंचे हों या रेड्डी को अपना शतक पूरा करने में मदद करने के लिए उतरें हों, तेलंगाना पुलिस के नवनियुक्त डीएसपी को हर समय ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों के प्रतिकूल व्यवहार का सामना करना पड़ा। उन्होंने हालांकि शानदार गेंद के साथ ऑस्ट्रेलियाई प्रशंसकों को चुप कराया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें