Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

रोहित और कोहली को देखने के लिए वडोदरा के लोगों में उत्साह, टिकट मिलने के बाद 2 दिन सो नहीं सका फैन

January 11, 2026

रोहित और कोहली को देखने के लिए वडोदरा के लोगों में उत्साह, टिकट मिलने के बाद 2 दिन सो नहीं सका फैन

IND vs NZ : भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बीसीए स्टेडियम, कोटांबी में खेला जा रहा है। इस स्टेडियम में पहली बार पुरुष क्रिकेट टीमों के बीच वनडे मैच खेला जा रहा है। इस वजह से वडोदरा के दर्शकों में भारी उत्साह है। फैंस के उत्साह की सबसे बड़ी वजह रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं। इन दोनों दिग्गजों को देखने के लिए स्टेडियम में और उसके आस-पास बड़ी संख्या में दर्शक जुटे हैं।

वडोदरा के मनीष पटेल ने कहा, “हम दो दिन पहले से मैच देखने आने को तैयार थे। हमारे पास जब मैच का टिकट नहीं था, तब सो नहीं पा रहे थे। जब टिकट आ गया, तो खुशी में नहीं सो पा रहे थे। पिछले चार दिन से वडोदरा में उत्साह का माहौल है। मैच की खुशी में लोग झूम रहे हैं।” मनीष ने कहा, “15 साल बाद यहां मैच हो रहा है। पिछली बार भी भारत और न्यूजीलैंड का ही मैच हुआ था। उस मैच में मौजूदा कोच गौतम गंभीर भारतीय टीम के कप्तान थे। मैच में गंभीर ने शतक लगाया था और कोहली ने अर्धशतक लगाया था। हम मैच 9 विकेट से जीते थे। इस मैच को भी हम जीतेंगे। रोहित शर्मा और विराट कोहली मैच जीताएंगे।”

2010 में भी खेला गया था IND vs NZ के बीच मैच
फैन ने जिस मैच का जिक्र किया है, वो 2010 में रिलायंस स्टेडियम, वडोदरा में खेला गया था। इस मैच में इस वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 224 रन बनाए थे। गौतम गंभीर के नाबाद 126 और विराट कोहली के नाबाद 73 रन की बदौलत भारत ने वो मैच 9 विकेट से जीता था।

मुश्किल से मिला टिकट
उदय प्रजापति ने कहा कि मैच को लेकर बहुत उत्साह है। हमारे दो पसंदीदा बल्लेबाज, विराट कोहली और रोहित शर्मा, इस मैच का हिस्सा हैं। इसी वजह से भीड़ दिख रही है। फैंस की टी-शर्ट के पीछे सिर्फ 18 और 45 नंबर आपको दिखेंगे। हमें बहुत मुश्किल से टिकट मिला है। हम सभी रोहित और विराट के फैन हैं। बीसीए स्टेडियम, कोटांबी में 2024 से अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जा रहा है। 2024 में भारत और वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीमों के बीच 3 वनडे खेले गए थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें