Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

ICC के सामने नतमस्तक हुआ पाकिस्तान, इस दिन खेला जाएगा IND-PAK के बीच महामुकाबला

February 10, 2026

ICC के सामने नतमस्तक हुआ पाकिस्तान, इस दिन खेला जाएगा IND-PAK के बीच महामुकाबला

IND vs PAK: T20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित ग्रुप मैच अब तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार का अपना पहले का फैसला वापस ले लिया है। यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो में आयोजित होना है।

ICC की दखलअंदाजी से बदला रुख
दरअसल, पाकिस्तान ने यह मुकाबला न खेलने का फैसला अपनी सरकार के निर्देश पर लिया था। हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ चली लंबी बातचीत के बाद स्थिति बदली। आईसीसी प्रतिनिधि इमरान ख्वाजा और मुबाशिर उस्मानी हाल ही में लाहौर पहुंचे, जहां उन्होंने पीसीबी अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। यह बैठक पीसीबी के अनुरोध पर बुलाई गई थी।

ये भी पढ़ें- भूकंप से हिली भारत के इन राज्यों की धरती, जानें कितनी रही तीव्रता

 

इस चर्चा में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल भी मौजूद रहे। बातचीत का एक बड़ा कारण बांग्लादेश से जुड़े टूर्नामेंट संबंधी मुद्दे भी थे। आईसीसी ने पाकिस्तान को साफ तौर पर बताया कि यदि वह मैच नहीं खेलता है तो उसे आर्थिक दंड और अन्य गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है। इसके बाद पीसीबी ने अपने रुख में नरमी दिखाई।

सरकार ने दी हरी झंडी
पाकिस्तान सरकार ने भी आधिकारिक तौर पर इस फैसले की पुष्टि कर दी है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए बयान में कहा गया कि विभिन्न चर्चाओं, मित्र देशों की अपील और क्रिकेट की भावना को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम को 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ मैदान में उतरने की अनुमति दी गई है। सरकार ने इसे “स्पिरिट ऑफ क्रिकेट” और वैश्विक खेल की निरंतरता के समर्थन में लिया गया कदम बताया।

ये भी पढ़ें- सर्दी की होगी विदाई, उत्तर भारत में तापमान बढ़ा, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

 

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की अपील भी बनी वजह
आईसीसी के अलावा श्रीलंका क्रिकेट, अमीरात क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी पाकिस्तान से यह मैच खेलने की अपील की थी। हालांकि पीसीबी ने बदले में कुछ शर्तें रखने की कोशिश की, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार आईसीसी ने किसी भी तरह की मांग स्वीकार नहीं की। राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को किसी तरह का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।

फैंस में उत्साह चरम पर
भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा से क्रिकेट की सबसे बड़ी टक्कर माना जाता है। ऐसे में कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में 15 फरवरी को होने वाला यह मैच अब टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मुकाबला बनने जा रहा है। फैसले के बाद दोनों देशों के क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें