तिरुवनंतपुरम: आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम अपनी लय को कायम रखते हुए खराब फॉर्म से जूझ रही श्रीलंकाई टीम के खिलाफ शुक्रवार को तीसरा टी-20 मैच और 5 मैचों की श्रृंखला जीतने के इरादे से उतरेगी। भारत ने विशाखापत्तनम में पहले 2 टी-20 मैचों में क्रमश: 8 और 7 विकेट से जीत दर्ज की है। श्रीलंका ने आखिरी बार भारत को जुलाई 2024 में दाम्बुला में हराया था। मेजबान टीम के पास शानदार बल्लेबाजी क्रम है और पिछले दोनों मैचों में अलग-अलग खिलाड़ियों ने जीत दिलाई है। पहले मैच में जहां जेमिमा रोड्रिग्स चली तो दूसरे में शैफाली वर्मा जीत की सूत्रधार रहीं। युवा एन श्रीचरणी, वैष्णवी शर्मा और क्रांति गौड़ ने अनुशासित, नियंत्रित और प्रभावी गेंदबाजी की है।
हरफनमौला दीप्ति शर्मा बुखार के कारण दूसरा टी-20 नहीं खेल पाई, लेकिन उनकी जगह आई स्नेह राणा ने 4 ओवर में 11 रन देकर 1 विकेट लिया। भारतीय टीम को हालांकि क्षेत्ररक्षण पर काम करना होगा चूंकि पहले मैच में 5 कैच छूटे थे। दूसरी ओर श्रीलंका को उम्मीद है कि जगह बदलने से उसकी किस्मत भी बदलेगी हालांकि दोनों टीमों के प्रदर्शन में जमीन आसमान का अंतर है। श्रीलंका को दोनों मैचों में उसके बल्लेबाजों ने निराश किया। दूसरे मैच में चामरी अटापट्टू के आऊट होने के बाद श्रीलंका ने 26 रन के भीतर 6 विकेट गंवा दिए।

