Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

Sultan of Johor Cup 2025: मलेशिया को 2-1 से हराकर भारत सुल्तान जोहोर कप के फाइनल में पहुंचा

October 18, 2025

Sultan of Johor Cup 2025: मलेशिया को 2-1 से हराकर भारत सुल्तान जोहोर कप के फाइनल में पहुंचा

जोहोर: भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते सुल्तान जोहोर कप 2025 के अपने अंतिम पूल-स्टेज मैच में मलेशिया को 2-1 से हराकर टूर्नामैंट के फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। भारतीय टीम के लिए गुरजोत सिंह ने (22वें मिनट) के गोल से शुरुआत की, जबकि सौरभ आनंद कुशवाहा ने (48वें मिनट) ने विजयी गोल किया। मलेशिया के लिए नवीनेश पनिकर ने (43वें मिनट) में गोल किया। भारतीय टीम ने मलेशिया के खिलाफ आक्रामक शुरुआत की। भारतीय फॉरवर्ड तेज और लगातार हमले कर रहे थे, जिससे मेजबान टीम दबाव में आ गई।

इस दौरान भारत ने अपने डिफैंस को मजबूत रखा, हालांकि पहले क्वार्टर के अंत तक कोई भी टीम गतिरोध को तोड़ नहीं पाई। दूसरे क्वार्टर का पहला हमला मलेशिया ने शुरुआत में ही कर दिया, लेकिन उसके तुरंत बाद भारत ने कई हमले किए और भारतीय टीम ने एक बार फिर दबाव बनाया और अंतत: दबाव का फायदा हुआ, जब गुरजोत सिंह (22वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर पर रिबाऊंड पर गोल दागा। इसके बाद भारत ने गेंद पर कब्जा बनाए रखा। हॉफ-टाइम तक भारत 1-0 की बढ़त के साथ था। ब्रेक के बाद, भारत ने अच्छी गति से शुरुआत की, लेकिन मेजबान मलेशिया ने वापसी का प्रयास किया।

भारत ने क्वार्टर के अधिकांश समय खेल की गति पर नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन मलेशिया के प्रयासों ने खेल का रुख पलट दिया और स्कोर 1-1 से कर दिया। अंतिम क्वार्टर में सौरभ आनंद कुशवाहा के गोल से भारत ने एक बार फिर बढ़त बनाई और स्कोर 2-1 कर दिया। इसके बाद मलेशियाई टीम ने बराबरी के गोल की तलाश में एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया, लेकिन भारत ने उनके प्रयासों को सफल नहीं होने दिया और मुकाबला 2-1 से जीत लिया।

ये भी पढ़ें : मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को लेकर आया राजनाथ सिंह का बयान, कहा- दुनिया भर में चिंता बढ़ती जा रही

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें