Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

एशियाई खेलों में भारत उतारेगा 634 एथलीट

August 26, 2023

एशियाई खेलों में भारत उतारेगा 634 एथलीट

नई दिल्ली: केन्द्रीय खेल मंत्रालय ने हांग्झोउ एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिये 634 एथलीटों को चुना है। मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने मंत्रालय के समक्ष 850 एथलीटों की सिफारिश की थी, जिनमें से 38 खेलों में इन 634 नामों को चुना गया। साल 2018 में एशियाई खेलों के पिछले संस्करण में कुल 572 एथलीटों ने भाग लिया था, जहां भारत 16 स्वर्ण सहित 70 पदक जीतकर लौटा था।

भारत एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा की अगुवाई में 34 पुरुषों और 31 महिलाओं सहित 65 प्रतिभागी उतारेगा। जलक्रीड़ा (एक्वाटिक्स) में 22 जबकि तीरंदाज़ी में 16 खिलाड़ी भारतीय ध्वज संभालेंगे। कुश्ती में 18 पहलवान भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। हाल ही में फिडे विश्व कप में रजत पदक जीतने वाले रमेशबाबू प्रज्ञानंद सहित 10 भारतीय शतरंज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारोत्तोलन में सिर्फ मीराबाई चानू (49 किग्रा) और बिंद्यारानी देवी (55 किग्रा) की एशियाड में तिरंगे के तले खेलेंगी।

इस बार एशियाई खेलों में पदार्पण कर रहे ई-स्पोर्ट्स में भारत ने 15 खिलाड़यिों को उतारने का निर्णय लिया है। मंत्रालय ने आईओए को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि सभी एथलीट डोपिंग से मुक्त हैं। मंत्रालय ने कहा कि टीमों की रवानगी से पहले डोप टेस्ट की प्राथमिकता तय करने के लिये आईओए और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) एक साथ बैठ सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें