Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

UAE के खिलाफ कोहली-रोहित युग के बाद भारत करेगा आगाज

September 9, 2025

UAE के खिलाफ कोहली-रोहित युग के बाद भारत करेगा आगाज

दुबई: जब भारत दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ एशिया कप के अपने पहले मैच में मैदान पर उतरेगा, तो यह महज एक अभियान की शुरुआत से कहीं बढ़कर होगा। यह भारतीय क्रिकेट में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी-विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा के 2024 में टी-20 विश्व कप जीतने के बाद संन्यास लेने के उपरांत पहला बड़ा टूर्नामैंट है। एक दशक से भी ज्यादा समय तक, इस तिकड़ी ने भारत के सीमित ओवरों के क्रिकेट में दबदबे को आकार दिया।

कोहली की उपलब्धियों की तलाश, रोहित के सहज छक्के और जडेजा की ऑलराऊंड प्रतिभा ने भारतीय टी-20 क्रिकेट की रीढ़ बनाई। सूर्यकुमार यादव, जो अब कप्तान हैं, भारत के नए दर्शन -निडर बल्लेबाजी के प्रतीक हैं। वह एक ऐसी टीम का नेतृत्व करेंगे जिसमें विस्फोटक प्रतिभा और उभरती हुई निरंतरता का मिश्रण होगा। उप-कप्तान शुभमन गिल एक साल से भी ज्यादा समय बाद टी20 में वापसी कर रहे हैं और शीर्ष पर अपनी जगह फिर से हासिल करने के लिए बेताब हैं। दूसरी तरफ अभिषेक शर्मा होंगे, जिन्होंने इंगलैंड के खिलाफ 54 गेंदों में 135 रन की तूफानी पारी खेलकर न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि खुद को भारत का अगला बिग-हिटिंग सनसनी भी घोषित कर दिया।

भारतीय टीम में बल्लेबाजी में जहां युवापन झलकता है, वहीं गेंदबाजी अभी भी जसप्रीत बुमराह के अनुभव पर निर्भर है। अर्शदीप सिंह के साथ, वह एक ऐसे आक्रामक आक्रमण की अगुवाई करते हैं जो आगे से धारदार है। स्पिन की जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती, जिन्होंने अपने पिछले 10 मैचों में 26 विकेट लिए हैं और कुलदीप यादव, जिनकी कलाई की स्पिन दुनिया भर के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को परेशान करती रही है, के बीच साझा किए जाने की उम्मीद है।

यूएई टीम इस मुकाबले में एक कमजोर टीम के रूप में उतर रही है, लेकिन उसका आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है। कप्तान मोहम्मद वसीम, जो अपनी निडर बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, अपनी टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश करेंगे। दुबई की पिच संतुलित मानी जाती है, लेकिन लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों के लिए थोड़ी अनुकूल है। इस मैदान पर खेले गए 110 टी20 मैचों में से 58 में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीत हासिल की है। मैच के दिन मौसम आमतौर पर खाड़ी जैसा होगा – गर्म, शुष्क और चुनौतीपूर्ण, तापमान 40डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: ओडिशा में बड़ा धमाका: LPG सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें