मुंबई: भारतीय क्रिकेट जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। टीम इंडिया के क्रिकेटर रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गिरोह डी-कंपनी के नाम पर धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। इस मेल में उनसे ₹10 करोड़ की फिरौती की मांग की गई थी।
मुंबई पुलिस की एक अहम जांच के दौरान यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद दिलशाद नौशाद से पूछताछ में रिंकू सिंह को मिली धमकी की पुष्टि हुई है।
इवेंट मैनेजर को भेजा गया धमकी भरा ईमेल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने रिंकू सिंह के इवेंट मैनेजर को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी दी थी। ईमेल में खुद को डी-कंपनी का सदस्य बताकर लिखा गया कि अगर फिरौती नहीं दी गई, तो अंजाम खतरनाक होगा। यह मेल कथित रूप से अप्रैल 2025 के दौरान भेजा गया था।
जीशान सिद्दीकी को धमकी से हुआ खुलासा
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह मामला तब सामने आया जब दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को भी ऐसी ही धमकी मिली थी। अप्रैल 2025 में जीशान ने मुंबई पुलिस से शिकायत की थी कि उन्हें ईमेल के जरिए धमकाया गया है। इस मेल में फिरौती न देने पर उनके पिता जैसे अंजाम की चेतावनी दी गई थी।
आरोपी दिलशाद की गिरफ्तारी और ट्रैकिंग
मुंबई पुलिस ने इस केस में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के दरभंगा निवासी 33 वर्षीय मोहम्मद दिलशाद नौशाद को इंटरपोल के सहयोग से त्रिनिदाद और टोबैगो से गिरफ्तार कर भारत लाया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने न केवल जीशान को, बल्कि रिंकू सिंह को भी धमकी दी थी।
पुलिस की जांच जारी
मुंबई पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या आरोपी वास्तव में डी-कंपनी से जुड़ा है या केवल डर फैलाने और पैसे ऐंठने के लिए उसका नाम इस्तेमाल कर रहा था। इस बीच, सुरक्षा एजेंसियों ने रिंकू सिंह और उनके परिवार को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...