Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारतीय पारी 181 रन पर सिमटी, ‘West Indies’के 15 ओवर तक तीन विकेट पर 84 रन

July 30, 2023

भारतीय पारी 181 रन पर सिमटी, ‘West Indies’के 15 ओवर तक तीन विकेट पर 84 रन

बारबडोस: वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला के दूसरे वनडे में शनिवार को यहां 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 15 ओवर तक तीन विकेट गंवाकर 84 रन बना लिए। भारतीय गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने अपने पहले ही ओवर में काइल मायर्स (32 रन) और ब्रैंडन किंग (15 रन) को आउट कर वेस्टइंडीज को नौवे ओवर में दोहरे झटके दिए। तीसरा विकेट भी उनके नाम रहा। एलिक अथानाजे उनकी गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 72 रन हो गया। 15 ओवर तक कप्तान शाई होप 17 और शिमरोन हेटमायर सात रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

इससे पहले भारतीय टीम प्रबंधन का कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम देने का फैसला बुरी तरह उलटा पड़ गया क्योंकि विश्व कप टीम के दावेदार खिलाड़ी वेस्टइंडीज के खिलाफ रफ्तार, उछाल और टर्न का सामना नहीं कर पाये जिससे टीम 40.5 ओवर में 181 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज के कप्तान होप ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 55 गेंद में इतने ही रन बनाये और शुभमन गिल (34 रन, 49 गेंद) के साथ पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत कराई।

लेकिन इस भागीदारी के टूटते ही लय टूट गयी और भारतीय टीम ने अगले 7.2 ओवर में 23 रन पर पांच विकेट गंवा दिए। विश्व कप से महज 10 मैच पहले रोहित और कोहली को आराम देने के फैसले का कोई मतलब नहीं दिखता। इससे फैसले पर सवालिया उठेंगे।बारिश के कारण खेल में दो बार व्यवधान पड़ा लेकिन वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। किशन विश्व कप के दौरान पारी का आगाज नहीं करेंगे लेकिन उन्होंने लगातार दूसरा अर्धशतक जड़कर दूसरे विकेटकीपर (बशर्ते केएल राहुल विश्व कप के लिए फिट हों) के तौर पर अपना दावा मजबूत कर दिया है।

हालांकि यह संजू सैमसन के बारे में नहीं कहा जा सकता जो 19 गेंद में नौ रन ही बना सके और अक्षर पटेल (एक रन) ने सुनहरा मौका गंवा दिया। बाएं और दाएं हाथ के बल्लेबाजों के संयोजन को ध्यान में रखते हुए उन्हें तीसरे और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया लेकिन दोनों खिलाड़ी जेडन सील्स (छह ओवर में 28 रन देकर एक विकेट), अल्जारी जोसफ (35 रन देकर दो विकेट) और रोमारियो शेपर्ड (37 रन देकर तीन विकेट) की शार्ट गेंद रणनीति के खिलाफ जूझते दिखे। इनके अलावा उन्हें बाएं हाथ के स्पिनर गुडोकश मोती (9.3 ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट) और लेग स्पिनर यानिक कारिया (25 रन देकर एक विकेट) के टर्न और उछाल से भी परेशानी हुई।

किशन और गिल ने शुरु में तेजी से रन जुटाये, सिर्फ यहीं वेस्टइंडीज के गेंदबाजों का दबदबा नहीं दिखा। किशन ने मोती पर एक छक्का जड़ा जबकि गिल का ड्राइव शॉट शानदार रहा, हालांकि वह लय में नहीं दिखे। मोती की गेंद को उठाने के चक्कर में गिल लांग ऑफ़ पर कैच दे बैठे। किशन अपना अर्धशतक पूरा कर चुके थे और शेपर्ड की गेंद पर स्क्वायर कट लगाने की कोशिश में प्वाइंट पर एलिक अथानाजे को डाइविंग  कैच दे बैठे।कार्यवाहक कप्तान हार्दिक पंड्या (07) भी वेस्टइंडीज गेंदबाजों के झांसे में आ गए। पंड्या ने शॉर्ट गेंद से निपटने की कोशिश की लेकिन उनका संयम भी जवाब दे गया और सील्स की को पुल करने का प्रयत्न करते हुए मिडविकेटपर ब्रैंडन किंग को आसान कैच देकर आउट हुए। अक्षर पटेल सफेद गेंद के क्रिकेट में गेंदबाज की तुलना में अच्छे बल्लेबाज बनते जा रहे हैं इसलिए उन्हें चौथे नंबर पर उतारा गया जिसके लिए श्रेयस अय्यर के फिट होने का इंतजार है।

वह भी शेपर्ड की गेंद का शिकार हुए और विकेटकीपर होप को कैच थमा बैठे। सैमसन कहीं भी लय में नहीं दिखे जिन्होंने अपना अंतिम प्रतिस्पर्धी मैच इंडियन प्रीमियर लीग में 19 मई को खेला था। वह कारिया की लेग ब्रेक के सामने कभी भी सहज नहीं लगे और उन्हें ही विकेट दे बैठे। जहां तक सूर्यकुमार यादव (25 गेंद में 24 रन) का सवाल है तो उन्होंने तीन चौके जड़कर बड़ी पारी खेलने की जो उम्मीद लगायी थी, वो मोती की ऑफ स्टंप से बाहर जाती लुभावनी गेंद पर शॉट लगाने के प्रयास से टूट गयी। उनके आउट होते ही भारत की 200 रन तक पहुंचने की उम्मीद टूट गई थी।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें