Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

Indian Premier League 2024: शीर्ष पर काबिज केकेआर को हराकर दूसरा स्थान पक्का करना चाहेंगे रॉयल्स

May 18, 2024

Indian Premier League 2024: शीर्ष पर काबिज केकेआर को हराकर दूसरा स्थान पक्का करना चाहेंगे रॉयल्स

गुवाहाटी:- राजस्थान रॉयल्स चार मैचों के हार के सिलसिले को तोड़कर रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग के अहम मैच में चोटी की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर शीर्ष दो में जगह पक्की करने उतरेगी। सोलह अंक लेकर प्लेआफ में जगह बना चुके रॉयल्स लगातार चार मैच हार चुके हैं । पिछले दो मैचों में टीम 150 के पार भी नहीं पहुंच सकी और अब इंग्लैंड के स्टार सलामी बल्लेबाज के स्वदेश लौटने के बाद उसकी राह और कठिन हो गई है। ऐसे में यशस्वी जायसवाल, कप्तान संजू सैमसन और स्थानीय हीरो रियान पराग को अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी होगी । प्लेआफ में शीर्ष दो में रहकर जाने से उनके पास फाइनल में पहुंचने के दो मौके रहेंगे। केकेआर के 19 अंक है और उसका शीर्ष पर रहना तय है।

अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछला मैच बारिश में धुलने से उसे एक अंक मिला। केकेआर के हौसले बुलंद है लेकिन उसे आत्ममुग्धता से बचना होगा। मुंबई इंडियंस के खिलाफ 11 मई को ईडन गार्डंस पर हुए मुकाबले के बाद से केकेआर ने बारिश की भेंट हुए इस मैच के अलावा कोई मुकाबला नहीं खेला है। अहमदाबाद जाकर एक दिन के अभ्यास के लिये कोलकाता लौटना और फिर आखिरी लीग मैच के लिये गुवाहाटी जाना थकाऊ रहा होगा और इससे उनकी लय पर असर पड़ सकता है । अब देखना यह होगा कि मेंटोर गौतम गंभीर की टीम इस लय को बरकरार रख पाती है या नहीं ।

उसके पास फॉर्म में चल रहा इंग्लैंड का सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट भी नहीं है जो पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के लिए स्वदेश लौट चुके हैं। केकेआर के दो सलामी बल्लेबाजों साल्ट और सुनील नारायण ने मिलकर इस सत्र में सात अर्धशतक और एक शतक समेत 182 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 897 रन बनाए हैं। साल्ट की जगह रहमानुल्लाह गुरबाज ले सकते हैं लेकिन मैदान पर उतरते ही साल्ट की तरह आक्रामक खेलने की उनसे उम्मीद नहीं की जा सकती। इस सत्र में उन्होंने एक भी मैच नहीं खेला है। केकेआर की बल्लेबाजी का दारोमदार कप्तान श्रेयस अय्यर,रिंकू सिंह और आंद्रे रसेल पर होगा । मैच में बारिश का भी पूर्वानुमान लगाया जा रहा है।

टीमें :

कोलकाता नाइट राइडर्स : श्रेयस अय्यर (कप्तान), केएस भरत, रहमानुल्लाह गुरबाज,रिंकू सिंह ,अंगकृष रघुवंशी, शेरफेन रदरफोर्ड, मनीष पांडे, आंद्रे रसेल, नीतिश राणा, वेंकटेश अय्यर, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, सुनील नारायण, वैभव अरोड़ा, चेतन सकारिया, र्हिषत राणा, सुयश शर्मा, मिशेल स्टार्क, दुष्मंथा चमीरा, साकिब हुसैन, मुजीब उर रहमान, गट एटिंकिसन, अल्लाह गजनफर, फिल साल्ट।

राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन (कप्तान), आबिद मुश्ताक, अवेश खान, ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, जोस बटलर, कुलदीप सेन, कुणाल सिंह राठौड़, नांद्रे बर्गर, नवदीप सैनी, रविचंद्रन अश्विन, रियान पराग, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, रोवमैन पावेल, टॉम कोहलर-केडमोर, ट्रेंट बोल्ट, यशस्वी जायसवाल, युजवेंद्र चहल और तनुश कोटियन।

मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से खेला जायेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें